उदयपुर 19 मार्च : जिला कलक्टर नमित मेहता और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य के निर्देशानुसार होटल लेकेन्ड, फतेहसागर किनारे पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े कारोबारियों के लिए FOSTAC (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में खुदरा, थोक, होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी और डिस्ट्रीब्यूटर क्षेत्र से जुड़े व्यवसायियों ने भाग लिया। एफएसएसएआई अधिकृत प्रशिक्षक अपूर्वा व्यास ने खाद्य सुरक्षा मानकों, लाइसेंसिंग की प्रक्रिया और उसकी आवश्यकता पर जानकारी दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने पैक्ड फूड लेबलिंग, मिलावट की पहचान और सुरक्षा नियमों के अनुपालन पर मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों को FOSTAC सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश सेन भी उपस्थित रहे।
