होली से पहले भीलवाड़ा में खाद्य विभाग टीम ने सख्त की कार्यवाही

आसीन्द में 200 किलो दूषित मावा करवाया मौके पर नष्ट,
मावे के नमूने जांच हेतु अजमेर भिजवाये

जिले में कही भी खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर नियंत्रण कक्ष में देवे सूचना-सीएमएचओ डॉ. शर्मा

भीलवाड़ा, 24 फरवरी। भीलवाड़ा जिले में होली के त्योहारी सीजन को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को सघन जांच अभियान चलाया। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान दो स्थानों से मावे के नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला अजमेर भिजवाए गए, वहीं करीब 200 किलोग्राम बदबूदार एवं दूषित मावा मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

जिले में दो प्रतिष्ठानों पर टीम की कार्रवाई-

अभियान के तहत मैसर्स बालाजी डेयरी प्रोडक्ट, डोटा, आसीन्द से मावे का नमूना लिया गया। जांच के दौरान लगभग 200 किलोग्राम बदबूदार व दूषित मावा पाए जाने पर आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने उसे मौके पर ही नष्ट करवाया।

इसी प्रकार मैसर्स बालाजी डेयरी, नारायणपुरा, आसीन्द से मीठे मावे का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए अजमेर भेजा गया।

जांच रिपोर्ट के बाद कानूनी कार्रवाई-

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जा रही है। त्योहारी सीजन में आमजन के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो, इसके लिए विभाग सतर्कता बरत रहा है। सभी लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजा गया है तथा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजवीर सिंह चारण, अंकित शर्मा, डॉ. गोवर्धन लाल कुम्हार उपस्थित रहे।

आमजन से अपील-

सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा निर्माण एवं समाप्ति तिथि की अवश्य जांच करें। किसी भी प्रकार की मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत हेतु कार्यालय के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दी जा सकती है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!