उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर के पर्यटन क्षेत्र को अधिक संगठित, सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) की पर्यटन विंग ‘बीसीआई टूरिज्म’ की पहली आधिकारिक बैठक सुभाष नगर स्थित ओरिएंटल पैलेस रिसॉर्ट्स में सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
शाम 6:00 बजे आयोजित इस बैठक में शहर के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े होटलियर्स, ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, इवेंट प्लानर्स, गाइड्स एवं अन्य प्रोफेशनल्स ने भाग लेकर आपसी परिचय, संवाद और नेटवर्किंग के माध्यम से नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि उदयपुर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हर वर्ष लाखों देशी-विदेशी पर्यटक यहां आते हैं, जिससे होटल, ट्रैवल, ट्रांसपोर्ट, इवेंट्स और स्थानीय व्यापार से जुड़े हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि ‘बीसीआई टूरिज्म’ का उद्देश्य सभी हितधारकों को एक मजबूत नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म से जोड़ना है, जिससे वे अपने अनुभव साझा कर सकें और नए व्यापारिक अवसर तलाश सकें।
बीसीआई टूरिज्म की अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच निरंतर संवाद, सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यटन उद्योग तेजी से बदल रहा है, ऐसे में एक मंच पर आकर विचार-विमर्श करना उदयपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
जनरल सेक्रेटरी गौरव भंडारी ने बताया कि बैठक में बीसीआई टूरिज्म की कार्यप्रणाली, आगामी गतिविधियों और दीर्घकालिक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही परिचय सत्र के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को एक-दूसरे को समझने और भविष्य में सहयोग के अवसर तलाशने का मौका मिला।
सेक्रेटरी डॉ. सुरभि मेनारिया धींग ने कहा कि यह मंच पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए नेटवर्किंग, सहयोग और समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। बैठक के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और उद्योग से जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की।
कोषाध्यक्ष स्वाति स्वरूपरिया ने जानकारी दी कि बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को भी गति दी गई तथा आगामी प्रोजेक्ट्स और योजनाओं के लिए बजट एवं संसाधनों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि बीसीआई टूरिज्म का लक्ष्य एक सशक्त नेटवर्क तैयार करना है, जो उदयपुर के पर्यटन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
इस अवसर पर मुकेश माधवानी (फाउंडर, बीसीआई), डॉ. श्रद्धा गट्टानी (अध्यक्ष), डॉ. सुरभि मेनारिया धींग (सेक्रेटरी), स्वाति स्वरूपरिया (कोषाध्यक्ष), गौरव भंडारी (जनरल सेक्रेटरी), डॉ. प्रियंका कोठारी, कन्हैया मेघवाल, प्रियंक चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
