खांडी ओबरी टोल पर भीषण हादसा, एक की मौत, पांच घायल

उदयपुर। खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के खांडी ओबरी टोल प्लाजा पर सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। टोल पर खड़ी कार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार आगे खड़े ट्रक में जा घुसी और दोनों भारी वाहनों के बीच बुरी तरह पिचक गई। हादसे में पीछे बैठे गुलाब गुर्जर (निवासी सीकर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे हुई जब कार चालक टोल की कतार में खड़ा था। अचानक पीछे से आया ट्रेलर कार पर चढ़ गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। मृतक का शव कार की पीछे की सीट में आधे घंटे तक फंसा रहा, जिसे क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।

घायलों में रमेश गुर्जर, सुरेश गुर्जर, जयराम सेन (सभी निवासी सीकर) और राहुल गुर्जर (निवासी कोटपूतली) गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि इंद्राज गुर्जर को हल्की चोटें आईं। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को खेरवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें एमबी अस्पताल रेफर किया गया। मृतक का शव मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। बताया जा रहा है कि सभी यात्री गुजरात के भावनगर में टाइल्स का काम करते हैं और अपने घर से लौट रहे थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!