शराब के नशे में धुत डॉक्टर का वीडियो आया सामने
उदयपुर। जिले के फलासिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉक्टर एवं अन्य दो चिकित्सकों के खिलाफ अपहरण और फिरौती मांगने का आरोप लगाया गया है। जिसकी जांच की जा रही है। डॉक्टर्स पर यह आरोप निजी तौर पर प्रेक्टिश करने वाले व्यक्ति ने दर्ज कराई है, जिसकी डिग्री को लेकर सीएचसी प्रभारी को शंका है। वहीं, एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें सीएचसी प्रभारी नशे की हालत में बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार राजेन्द्र उपाध्याय नामक व्यक्ति ने सीएचसी फलासिया के प्रभारी डॉ. कपिल शर्मा के साथ सोम पीएचसी के डॉ. सुमित कुमार और पशु चिकित्सक डॉ. पवन के पर अपहरण और फिरौती मांगे जाने संबंधी गंभीर आरोप लगाए हैं। दर्ज रिपोर्ट में उसने बताया गुरुवार रात दस बजे डॉ. कपिल ने उसे अपनी कार में जबरन बिठाया और 2 घंटे तक इधर-उधर घुमाते रहे। डॉ. कपिल ने उससे 80 हजार रुपए की फिरौती भी मांगी। इस तरह डराते-धमकाते हुए उस पर फिरौती के लिए दबाव बनाया। जब उसने शुक्रवार सुबह पैसे लाने की बात कहीं, तब उसे सीएचसी के बाहर छोड़ा।
सीएचसी प्रभारी बोले-शिकायतकर्ता नीमहकीम, खुद आया था उनसे मिलने
सीएचसी प्रभारी डॉ. कपिल शर्मा का कहना है कि शिकायतकर्ता खुद नीमहकीम है। बिना किसी डिग्री के वह प्रेक्टिस करता है। उससे किसी तरह की फिरौती नहीं मांगी गई, ना ही धमकाया। वह खुद उनसे मिलने आया था। वायरल वीडियो में नशे की हालत को लेकर उन्होंने कहा कि वह ऑन ड्यूटी में नहीं थे। शराब पीना गुनाह नहीं है।
फलासिया सीएचसी प्रभारी पर अपहरण कर फिरौती का गंभीर आरोप
