निर्वाचन आयोग की साख के अनुरूप हों निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव

लोकसभा आम चुनाव- 2024
भारत निर्वाचन आयोग के उपायुक्त ने वीसी से ली समीक्षा बैठक
जिला निर्वाचन अधिकारी व एसपी ने बताई चुनावी तैयारियां
उदयपुर, 6 अप्रैल। लोकसभा आम चुनाव- 2024 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के उप आयुक्त मनोज कुमार साहू ने प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों के जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक की वीसी के माध्यम से बैठक ली। इसमें चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई।
वीसी में उपायुक्त साहू ने प्रदेश के प्रत्येक संसदीय क्षेत्र की बारी-बारी से जानकारी ली। इसमें होम वोटिंग, पोस्टल बैलेट, ईवीएम रेण्डमाइजेशन, मतदान दल प्रशिक्षण, संवेदनशील एवं वनरेबल बूथ, कानून व्यवस्था, आचार संहिता उल्लंघन आदि के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उदयपुर से जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने अवगत कराया कि उदयपुर संसदीय क्षेत्र में छह विधानसभा क्षेत्र उदयपुर के तथा डूंगरपुर और प्रतापगढ़ के एक-एक विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने एआरओ स्तर पर ईवीएम ट्रांसपोटेशन, स्टोरेज आदि की कार्ययोजना से अवगत कराया। पोस्टल बैलट और होम वोटिंग प्रक्रिया की प्रगति, मतदान दलों के प्रशिक्षण व रेंडमाइजेशन, फैसिलिटी सेंटर आदि की भी संपूर्ण जानकारी दी। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने कानून व्यवस्था, संवेदनशील, अतिसंवेदनशील सहित सभी बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था प्लानिंग, गुजरात सीमा से लगते क्षेत्रों में संचालित चेकपोस्ट, सीजर कार्रवाई, अभय कमांड के माध्यम से सोशल मीडिया पर हेट स्पीच व भ्रामक सूचनाओं के प्रसारण पर निगरानी आदि की जानकारी दी।
उपायुक्त साहू ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव भारत निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता है और इसी से आयोग की साख बनी हुई है। निर्वाचन दायित्वों से जुड़े हर अधिकारी-कर्मचारी का यह नैतिक कर्तव्य है कि वह इस साख को बनाए रखे। उन्होंने चुनावी संबंधी दायित्वों का पूर्ण गंभीरता और सतर्कता के साथ निर्वहन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीसी में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल मेवाड़ा, एसडीएम गिर्वा रिया डाबी, व्यय निगरानी प्रकोष्ठ प्रभारी कृष्णपालसिंह चौहान, आचार संहिता प्रकोष्ठ प्रभारी जितेंद्र ओझा, आईटी प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ मजहर हुसैन आदि उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!