उदयपुर, 17 अगस्त। प्रतिवर्ष 19 अगस्त को आयोजित होने वाले वर्ल्ड फोटोग्राफी डे की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सूचना केन्द्र की कलादीर्घा में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन होगा। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय (सूचना केन्द्र) कश्ती फाउण्डेशन एवं एन एफर्ट टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस नेचर फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ शाम को 6 बजे किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. कमलेश शर्मा द्वारा पर्यावरण, पक्षियों और वन्यजीवों पर क्लिक किये गये 100 से अधिक फोटो का प्रदर्शन किया जाएगा। इन फोटो में पर्यावरणीय सौंदर्य, स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों की जलक्रीड़ाएं, उड़ान, वन्यजीवों की गतिविधियां तथा पक्षियों व वन्यजीवों के शिकार संबंधी छायाचित्र शामिल है। प्रदर्शनी 22 अगस्त तक चलेगी और इसमें प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
सीपीए भारत क्षेत्र सम्मेलन की व्यवस्थाओं के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
उदयपुर, 17 अगस्त। उदयपुर में आगामी 20 से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाले का 9वें सीपीए भारत क्षेत्र सम्मेलन की व्यवस्थाओं के लिए जिला परिषद हॉल स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी व मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के रजिस्टर विनय पाठक ने बताया कि नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0294-2414620 रहेगा। यह कंट्रोल रूम 18 अगस्त से 23 अगस्त तक कार्यरत रहेगा ।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत होंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम
21 को गांधी ग्राउंड में इमेज फॉरमेशन व रैली का होगा आयोजन
उदयपुर, 17 अगस्त। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 21 अगस्त से 19 सितंबर तक जिले में मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023-द्वितीय का आयोजन किया जाएगा। स्वीप प्रकोष्ठ की प्रभारी अधिकारी और जिला परिषद सीईओ सलोनी खेमका ने बताया कि इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रारंभ तिथि 21 अगस्त को जिले में प्रातः 8 बजे गांधी ग्राउंड में इमेज फॉरमेशन उपरांत वाहन रैली वाकाथन-ट्राई साइकिल रैली प्रातः 8.30 बजे से प्रारंभ होकर नगर निगम प्रांगण तक आयोजित होगी। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कार्मिकों सहित राजकीय विद्यालय, महाविद्यालय, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइड आदि भाग लेंगे। रैली के लिए श्रीमती सुनीता भंडारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नवीन अप्रशिक्षित कातिनों का तीस दिवसीय कताई प्रशिक्षण शुरू
उदयपुर, 17 अगस्त। राजस्थान खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के संभाग कार्यालय द्वारा नवीन अप्रशिक्षित कातिनों का उन्नत अम्बर चरखे पर तीस दिवसीय कताई प्रषिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को नव निर्माण संघ, उदयपुर संस्था के उत्पादन केन्द्र भीण्डर में शुरू हुआ।
खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के संभाग प्रभारी भगवान दास ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि में प्रत्येक नवीन कातिन को प्रतिदिन 300 रुपये व प्रशिक्षण को प्रतिदिन 625 रुपये मानदेय दिया जाएगा तथा प्रषिक्षण उपरान्त प्रशिक्षित नवीन 10 कतिनों को राजस्थान खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा स्वरोजगार हेतु 10 ताके वाले उन्नत अम्बर चरखे निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। शुभारंभ अवसर पर संभाग कार्यालय खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के प्रतिनिधि गुलाब सिंह गरासिया, चंद्रप्रकाश जीनगर आदि उपस्थित रहे।
