शिल्पग्राम में  हुईं योगाभ्यास,भरतनाट्यम,मूकाभिनय और संगीत की शानदार प्रस्तुतियाँ 

उदयपुर, 21 जून 2023 | पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र ,उदयपुर ने आज विश्व योग दिवस और विश्व संगीत दिवस पर योग, साधना, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मनोरम कार्यक्रम आयोजित किये | शिल्पग्राम में सुबह श्रीमती मीरा उपाध्याय की टीम द्वारा विधिवत योगाभ्यास कराये गए जिनमें विभिन्न आसनों के प्रदर्शन और प्रयोग हुए | जिनमें कलाकारों और जन समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही | केंद्र निदेशक श्रीमती किरण सोनी गुप्ता ने शरीर और मन को स्वस्थ रखने की बात पर जोर दिया |  दर्पण प्रेक्षागृह में भरतनाट्यम गुरु पूजा नाथावत के निर्देशन में उनके शिष्य शिष्याओं द्वारा विनायक वन्दना, देवी स्तुति , राम धुन और मिश्र अलारिपू  की शानदार प्रस्तुतियां दीं और स्वयं गुरु पूजा नाथावत ने कीर्तनम का उत्कृष्ट प्रदर्शन दिया|
मूकाभिनयों के  प्रदर्शन के दौरान 25 कलाकारों ने मौलिक हास्य पर आधारित  दर्शकों का खासा मनोरंजन किया | डस्टबिन, प्लान्टेशन वीक वर्सेस प्लान्टेशन वीक और वॉटर नामक मूकाभिनयों में जहाँ एक ओर दर्शकों को खूब हंसाया वहीं सामाजिक सन्देश भी दिए | सांस्कृतिक केंद्र की ओर से 14 दिवसीय मूकाभिनय कार्यशाला में शहर के 7 वर्ष से 69 वर्ष तक के रंगमंच जिज्ञासुओं को संगीत नाटक अकादमी अवार्ड प्राप्त विलास जानवे ने मूकाभिनय का प्रशिक्षण दिया था | कार्यशाला में किरण जानवे ने सहनिर्देशन  किया और मनीष शर्मा ने सहायक निर्देशक की भूमिका निभाई |
विश्व संगीत दिवस और पंडित कुमार गन्धर्व की जन्म शताब्दी को ध्यान में रखते हुए  संत कबीर दास जी के एक भजन –हीरना समझ बूझ बन चरना- को मूकाभिनय शैली में प्रस्तुत कर दर्शकों को आत्मविभोर कर दिया |  पंडित कुमार गंधर्व ने इस भजन को उम्दा स्वरों से महान बना दिया | मूकाभिनय में इस नवाचार का दर्शकों ने बहुत स्वागत किया |
बाड़मेर के लूणे खाँ मांगणियार ने मीरा और कबीर भजन प्रस्तुत किए | लुधियाना के गायक आइरिश सोनी ने गीत गाये ।
सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक श्रीमती किरण सोनी गुप्ता ने बताया  कि सांस्कृतिक केंद्र नवाचार के लिए प्रतिबद्ध है | कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मूकाभिनय के कलाकारों को प्रमाणपत्रों से सम्मानित किया | सम्पूर्ण कार्यक्रम का दुर्गेश चांदवानी और प्रेरणा पंडया ने सुरुचिपूर्ण सञ्चालन किया |

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!