हर घर तिरंगा-हर दुकान तिरंगा अभियान का आगाज़, कैट विमेन विंग के तीन नए चैप्टर लॉन्च

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– भारतीय व्यापार महोत्सव में भागीदारी का आह्वान, राखी-तीज शुभ मंगल बाजार में स्वदेशी उत्पादों की जमकर खरीदारी
– भारतीय व्यापार महोत्सव 12 से 15 अगस्त को नई दिल्ली भारत मंडपम में आयोजित

उदयपुर, 6 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) विमेन विंग उदयपुर द्वारा हर घर तिरंगा-हर दुकान तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ होटल रेजेंटा सेंट्रल मेवाडग़ढ़ में किया गया। इसी अवसर पर कैट विमेन विंग के खेरोदा, भींडर एवं वल्लभनगर के तीन नए चैप्टरों का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।


कैट विमेन विंग उदयपुर की अध्यक्षा विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन कैट विमेन विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता पाटिल के मार्गदर्शन एवं मुख्य आतिथ्य तथा पूर्व महापौर रजनी डांगी की अध्यक्षता में हुआ। गूगल मीट के माध्यम से संबोधित करते हुए संगीता पाटिल ने आगामी भारतीय व्यापार महोत्सव में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि कैट विमेन विंग के माध्यम से देशभर में महिला उद्यमियों को व्यापार में नई पहचान और अवसर मिले हैं। वहीं रजनी डांगी ने कैट की इस राष्ट्रहित एवं महिला सशक्तिकरण की पहल की सराहना की।
कैट की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं मेवाड़ रीजन प्रभारी मनीष गलूंडिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में हर घर तिरंगा-हर दुकान तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर और व्यापारिक प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। इसके साथ ही वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय व्यापार, उद्योग और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
कैट के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव (जनरल), मेंबरशिप एवं नेटवर्किंग राष्ट्रीय संयोजक तथा कैट विमेन विंग उदयपुर की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, सांसद एवं राष्ट्रीय सचिव प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में यह राष्ट्रव्यापी अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर संगीता पाटिल, रजनी डांगी, मनीष गलूंडिया, विजयलक्ष्मी गलूंडिया, दिनेश चौरडिय़ा, महेंद्र तलेसरा, डॉ. सोनू जैन सहित सभी सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ प्रत्येक घर एवं दुकान पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया।
– तीन नए चैप्टरों का गठन
विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि कैट विमेन विंग के तीन नए चैप्टरों का गठन किया गया है। भींडर चैप्टर का नेतृत्व डॉ. विभा जैन, खेरोदा चैप्टर का नेतृत्व प्रीति मेनारिया तथा वल्लभनगर चैप्टर का नेतृत्व माधुरी जैन करेंगी। इन चैप्टरों के माध्यम से स्थानीय महिला उद्यमियों एवं व्यापारियों को संगठन से जोडक़र उन्हें सशक्त मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
– 12 से 15 अगस्त तक भारतीय व्यापार महोत्सव
कैट विमेन विंग उदयपुर की डिविजनल कोऑर्डिनेटर एवं सचिव डॉ. सोनू जैन ने बताया कि 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव देश का सबसे बड़ा व्यापारिक आयोजन होगा। इसमें देश-विदेश के व्यापारी, निर्माता, निर्यातक, उद्योगपति, स्टार्टअप, एमएसएमई और विभिन्न व्यावसायिक संस्थान भाग लेंगे। महोत्सव में 2,000 से अधिक स्टॉल, 8 से 10 लाख आगंतुक तथा 2 लाख से अधिक एनआरआई के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री के करकमलों द्वारा प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में कैट उदयपुर अध्यक्ष दिनेश चौरडिय़ा, मुख्य सचिव महेंद्र तलेसरा, डॉ. सोनू जैन, साक्षी भट्ट, चयनिका गलूंडिया, सारिका भंडारी, ऋतु भटनागर सहित 150 से अधिक महिला एवं पुरुष सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर राखी एवं तीज शुभ मंगल बाजार का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय महिला उद्यमियों द्वारा स्वदेशी राखियां एवं त्योहारों से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए गए। सदस्यों ने वोकल फॉर लोकल अभियान को समर्थन देते हुए राखियों एवं अन्य स्वदेशी उत्पादों की उत्साहपूर्वक खरीदारी की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!