हर गतिविधि पर रखी जा रही पैनी नजर

मतदान पूर्व के अंतिम 72 घंटे विशेष चैकसी
नकदी, शराब, उपहार और मुफ्त की रेवड़ियों के विरूद्व सघन अभियान
उदयपुर, 22 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव- 2023 के मतदान का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। जैसे-जैसे मतदान का तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे मतदाताओं को प्रभावित करने के हथकण्डों में तेजी आने की संभावना के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष चैकसी बरतने के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत नकदी, शराब, उपहार सहित अन्य मुफ्त की रेवडियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से 72 घंटे का विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि मतदान दिवस के मद्देनजर कार्मिकों तथा पुलिस बल के विस्थापन एवं प्रतिस्थापन का कार्य चलता है। इसका लाभ उठाकर अवैध वस्तुओं के परिवहन, संग्रहण और वितरण का प्रयास किया जाता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने इसकी रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों की पालना में उदयपुर जिले में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नकदी, शराब, उपहार सहित अन्य ऐसी सामग्री जिससे मतदाताओं को प्रभावित किए जाने की संभावना हो उसकी धरपकड़ तेज कर दी गई है। रात्रि के समय विशेष टीम लगातार मोनिटरिंग करेंगी। वहीं संदिग्ध स्थलों पर प्रभारी अधिकारियों के नेतृत्व में सघन छापेमार कार्यवाही भी की जाएगी। व्यय संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही हैै।
उन्होंने बताया कि आरपी एक्ट 1951 की धारा 135 सी की पालना में मतदान का दिवस सूखा दिवस घोषित है। उक्त दिवस को शराब का विक्रय अथवा वितरण प्रतिबंधित रहेगा। इसकी सख्ती से पालना कराने के लिए भी टीमें गठित की गई हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए हर संदिग्ध वाहन की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि डिजिटल वाॅलेट के माध्यम से धन का स्थानांतरण एवं इलेक्ट्रोनिक प्लेटफार्म पर फ्रीबीज के वितरण पर भी बारीकी से नजर रखी जा रही हैै। उन्होंने संबंधित टीमों को विधि की सम्मानपूर्वक पालना कर रहे आम नागरिकों को अनावश्यक असुविधा का सामना नहीं करना पड़े उसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

आज शाम से थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोर, मतदान 25 को
– रात 10 से सुबह 6 बजे तक घर-घर जनसंपर्क भी नहीं रहेगा अनुमत
उदयपुर, 22 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव- 2023 के तहत मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व चुनावी सभाओं, रैली, रोड़ शाॅ आदि पर प्रतिबंध के प्रावधानों के तहत गुरूवार शाम 6 बजे बाद से राजनैतिक दलों और प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। प्रत्याशी घर-घर जनसंपर्क कर सकेंगे। उसमें भी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के मध्य जनसंपर्क अनुमत नहीं रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के तहत गुरूवार शाम 6 बजे बाद किसी भी तरह की चुनावी सभा, रैली, रोड शाॅ की अनुमति नहीं रहेगी। प्रचार-प्रसार के लिए लाउड स्पीकर का उपयोग भी प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्याशी घर-घर जनसंपर्क कर सकेंगे। इसमें भी रात्रि 10 बजे बाद और सुबह 6 बजे पहले जनसंपर्क नहीं किया जा सकेगा। आचार संहिता की पालना को लेकर गठित टीमें इसकी विशेष निगरानी रखेंगी।

मतदान दल 24 को होंगे रवाना
मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
उदयपुर, 22 नवंबर। विधानसभा आम चुनाव, 2023 के लिए 25 नवंबर को उदयपुर व सलूम्बर जिले के समस्त मतदान केन्द्रों पर मतदान सम्पन्न होगा। मतदान सम्पन्न करवाने के लिए जिले के समस्त मतदान दल शुक्रवार 24 नवंबर को जिला मुख्यालय से प्रस्थान कर संबंधित मतदान केन्द्रों पर जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल ने मतदान दल के कार्मिकों के लिये मतदान केन्द्र मुख्यालय पर बिस्तर, रजाई, तकिया, स्वच्छ पेयजल, गर्मपानी, शौचालय एवं विद्युत व्यवस्था आदि आवश्यक सुविधाए सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे है। इस आदेश के तहत उदयपुर नगरीय क्षेत्र मे आने वाले मतदान केन्द्रों हेतु नगर निगम आयुक्त तथा ग्रामीण क्षेत्र मे आने वाले मतदान केन्द्रों हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद उदयपुर एवं नगरपालिका सीमा में आने वाले मतदान केन्द्रों हेतु उपनिदेशक, स्थानीय निकाय विभाग, उदयपुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
मनरेगा कार्यस्थल पर अवकाश
विधानसभा चुनाव के तहत मतदान दिवस 25 नवम्बर को महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी कार्यस्थलों पर सवैतनिक अवकाश रहेगा। ईजीएस आयुक्त शिवांगी स्वर्णकार ने सभी जिला कलक्टर्स को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!