श्री पीताम्बरा आश्रम में प्रदोष महोत्सव
बांसवाड़ा, 20 जून/गायत्री मण्डल की ओर से संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम में प्रदोष महोत्सव के अन्तर्गत महापूजा विभिन्न शैवानुष्ठानों तथा महामृत्युंजय अर्चन विधान सहित आयोजित रूद्रार्चन अभिषेक महानुष्ठान आरती एवं पुष्पान्जलि विधान के साथ बुधवार रात सम्पन्न हुआ।
इसमें पं. नरेन्द्र आचार्य (छींछ) के आचार्यत्व में यजुर्वेदीय शिवार्चन परम्पराओं के साथ विभिन्न शैव अनुष्ठान हुए। इनमें पं. राजेश त्रिवेदी, पं. राकेश शुक्ल, पं. मनोहर जोशी, पं. विनय भट्ट, पं. महेन्द्र त्रिवेदी, पं. पवन पाठक, पं. कमल भट्ट(झड़स), पं. द्रोमिल त्रिवेदी, पं. नीरज पाठक तथा आश्रम के साधकों एवं साधिकाओं ने षोड़शोपचार पूजा एवं अभिषेक, पंचदेव महापूजा आदि अनुष्ठान संपादित किए।
रूद्रार्चन महापूजा में मुख्य साधक के रूप में गायत्री मण्डल के वरिष्ठ सदस्य पं. कन्हैयालाल जोशी एवं दिव्यबाला जोशी ने परिवार सहित हिस्सा लेकर आरती एवं पुष्पान्जलि विधान पूर्ण किया।
बही शिव स्तोत्र पाठों एवं भजनों की धाराएं
प्रदोष महोत्सव के अन्तर्गत बुधवार शिव स्तोत्र पाठ, प्रदोष स्तोत्र, शिव महिमा भजनों आदि ने समवेत स्वरों में शिव भक्ति का दिग्दर्शन कराया। इनमें मनीष जोशी, पं. चन्द्रेश व्यास, किशोर पाठक, हीरेन उपाध्याय, पं. देवेन्द्र शुक्ल, पं. मधुसूदन व्यास, यश सराफ ने हिस्सा लिया। भजनधारा एवं पंचाक्षरी मंत्रों के सामूहिक संकीर्तन कार्यक्रम में गायत्री मण्डल की महिला शाखा ‘पीताम्बरा शक्ति’ की साधिकाओं नीना गुप्ता, पुष्पा व्यास, प्रेरणा उपाध्याय, मंजुला शुक्ला, रंजना शुक्ल आदि ने हिस्सा लिया।
रूद्रावतार महापूजा
इस अवसर पर श्री हनुमान श्रीविग्रह का मनोहारी श्रृंगार एवं पूजन किया गया तथा विशेष हनुमान पूजा तथा हनुमान चालीसा का सामूहिक गान हुआ।
शुक्ल दम्पत्ति का अभिनन्दन
इस अवसर पर गायत्री मण्डल के लिए पिछले 5 दशकों से समर्पित भूमिका निभाने वाले प्रमुख स्तम्भ गायत्री मण्डल के संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष पं. विद्यासागर शुक्ल तथा श्रीमती विजयलक्ष्मी शुक्ल का मण्डल के सचिव विनोद शुक्ल एवं कोषाध्यक्ष पं. विनय भट्ट ने पुष्पहार, उपरणा, पगड़ी एवं शॉल से अभिनन्दन किया।
