फतहनगर। हरियाली अमावस्या पर रविवार को दिनभर रिमझिम बारिश का दौर चला। सुबह हल्की धूप निकलने के साथ ही पालिका क्षेत्र के उद्यानों में बच्चों की चहल पहल शुरू हो गयी लेकिन जल्द ही रिमझिम बौछारों से उद्यान खाली हो गए। इधर हरियाली अमावस्या की पूर्व संध्या पर शनिवार को सिद्ध हनुमान मंदिर प्रांगण में शुरू हुए अखण्ड रामायण पाठ का आज सुबह 11 बजे महा आरती के साथ समापन किया गया। सिद्ध हनुमान मंदिर मण्डल के तत्वावधान में उक्त अखण्ड पाठ शनिवार सुबह सवा ग्यारह बजे शुरू किया गया था। समापन के बाद सायंकाल ब्रह्मभोज का आयोजन भी किया गया।
सफाई कर्मचारियों की हड़तालः नगर में गंदगी का लगा अम्बार
फतहनगर। सफाई कर्मियों की भर्ती मस्टरोल के आधार पर एवं आरक्षण मुक्त कर शत प्रतिशत वाल्मीकी समाज के लोगों को मौका दिए जाने की मांग को लेकर चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को चैथे दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था चरमरा गयी है तथा जगह-जगह गंदगी के ढेर लगने शुरू हो गए हैं। बाजार में अग्रवाल धर्मशाला के समीप कचरा स्टेण्ड पर एकत्र कचरे के सड़क पर बिखर जाने से इस रास्ते से गुजरने वाले लोगांे का काफी परेशानी हो रही है। नगर के विभिन्न इलाकों में भी सफाई व्यवस्था ठप्प पड़ी है। कचरा संग्रहण करने वाले वाहन भी हड़ताल के कारण प्रभावित हो रहे हैं।
फतहनगर में चतुर बाग से गौ शाला तक रास्ते के दुरस्तीकरण की दरकार
फतहनगर। बारिश का दौर शुरू होने के साथ ही सड़कें भी उधड़नी शुरू हो गयी है। चतुर बाग से नगर की गौ शाला तक भी सड़क टूटने लगी है। चतुर बाग में तो पहले ही सड़क खराब थी। सीवरेज के कारण इस क्षेत्र में सड़क जगह-जगह धंस गयी थी तथा वाहनों को निकालते वक्त वाहन चालक कफी परेशानी का सामना कर रहे थे। गत दिनों पालिका द्वारा मिट्टी डाली भी गयी लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। पिछले दिनों बारिश के दौरान चतुर बाग से चंगेड़ी रोड़ को जोड़ले वाला नाला तक क्षतिग्रस्त हो चुका है जिससे चार पहिया वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। यदि कोई यहां से निकालने का प्रयास भी करता है तो वाहन नीचे टकराकर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। वाहनों में हो रहे नुकसान से लोग परेशान होकर रह गए हैं। जनता काॅलोनी से गौ शाला तक भी सड़क जगह-जगह खराब हो रही है। इस सड़क की सुध लेने की आवश्यकता है।
बंजारा समाज के आराध्य रूपसिंह महाराज की जयन्ती पर किया सत्संग का आयोजन
फतहनगर। बामणिया बंजारा समाज के आराध्य रूपसिंह महाराज की जयन्ती पर नगर के बंजारा समाज द्वारा सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अखाड़ा मंदिर में आयोजित किया गया जहां पर रात को सत्संग चली जिसमें क्षेत्रीय भजन गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। रूपसिंह महाराज की झांकी सजी जहां पर सुबह धूप,दीप एवं आहुति का आयोजन किया गया। समाज के लोगों ने दर्शन किए तथा महा आरती के साथ ही सामूहिक भोज में शिरकत की। बंजारा समाज द्वारा यहां प्रति वर्ष हरियाली अमावस्या पर आराध्य रूपसिंह महाराज का जन्मोत्सव विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया जाता है।
मावली ब्लाॅक की सत्रारंभ वाकपीठ आज से डबोक में, ब्लाॅक के प्रधानाचार्य शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों पर करेंगे मंथन
फतहनगर। मावली ब्लाॅक की दो दिवसीय सत्रारंभ प्रधानाचार्य वाक्पीठ सोमवार को डबोक स्थित गिट्स परिसर के सभागार में होगी। वाक्पीठ अध्यक्ष उमेश माहेश्वरी के अनुसार गीतांजलि इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीज एयरपोर्ट रोड डबोक पर प्रातः 10.30 बजे शुरू होने वाली वाक्पीठ में मावली ब्लाॅक के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य शिरकत करेंगे। सचिव प्रदीपसिंह नेगी ने बताया कि दो दिनों तक शिक्षा से जुड़े सभी प्रधानाचार्य शिक्षा,शिक्षक एवं विद्यार्थी से जुड़े वर्तमान के मुद्दों, शैक्षिक अनुसंधान एवं नवाचारों पर विस्तृत वार्ता एवं चर्चा करेंगे। नेगी ने बताया कि इस बार वाक्पीठ में नवाचार करते हुए पिछले शैक्षिक सत्र में कक्षा 10 एवं 12 में शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले संस्था प्रधानों के साथ ही ब्लॉक में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया जाएगा। वाक्पीठ के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मार्ग दर्शन भी मिलेगा।
