डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे बने स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के नए कुलपति

उदयपुर, 18 दिसम्बर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर को नया कुलपति मिल गया है। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की अनुशंसा पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं राजस्थान के राज्यपाल श्री हरि भाऊ बागड़े ने डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है।

डॉ. दुबे राजस्थान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं तथा उन्होंने अपने लंबे शैक्षणिक एवं अनुसंधान करियर में कृषि शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में विभिन्न उच्च पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. दुबे की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के मक्का वैज्ञानिक के रूप में है। उन्होंने मक्का एवं औषधीय पौधों की 15 से अधिक उन्नत किस्मों का विकास किया है। साथ ही उनके 250 से अधिक शोध पत्र एवं आलेख राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने 30 से अधिक एम.एससी. एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों का सफल मार्गदर्शन भी किया है।

वर्तमान में डॉ. दुबे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर की प्रबंध मंडल एवं प्रोफेसर चयन समिति के सदस्य रहे हैं। इसके अतिरिक्त वे महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में राज्यपाल के प्रतिनिधि के रूप में चयन समिति के सदस्य, श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर में प्रबंध मंडल एवं चयन समिति सदस्य तथा श्री दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में कुलपति चयन समिति के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे देश के अनेक विश्वविद्यालयों में प्राध्यापक चयन समितियों के सदस्य भी रहे हैं। डॉ. दुबे ने अनुसंधान के क्षेत्र में कई देशों की यात्राएं कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कृषि अनुसंधान को पहचान दिलाई है। उनके कुलपति बनने से स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!