श्रीनाथजी मंदिर के आसपास 50 करोड़ की लागत से बिछाई भूमिगत विद्युत लाइन: डॉ. जोशी
नाथद्वारा. नाथद्वारा विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ. सीपी जोशी ने रविवार को खमनोर पंचायत क्षेत्र की मोडवा, कोठारिया, जगेला, जीवाखेड़ा, उठारड़ा, लच्छीपुरा, खेड़ी, बिजनोल, तकडियों का गुडा, रामपुर, आकोदडा, रूपावली, सालोर, मोगाना, मण्डियाना, देपुर, जेतेला, उथनोल, काजियावास, उलपुरा, निचली ओडन, उपली ओडन के मतदाताओं से जनसंपर्क कर समर्थन मांगा। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्रवासियों ने ढोल-मंदाल, फूल-माला, इकलाई, साफे के साथ जेसीबी से पुष्प वर्षा कर डॉ. जोशी का स्वागत किया। डॉ. जोशी ने सभी क्षेत्रों में जनसभा को संबोधित किया। डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि सनातन धर्म अनादिकाल से चला आ रहा है, इसे कोई खत्म नहीं कर सकता है। सिर्फ राजनीति के लिए लोगों को सनातन के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। अशोक गहलोत ने गायों के लिए 3000 करोड़ रुपए दिए हैं। नाथद्वारा में सिहाड़ मंदिर, रेलमगरा में जल देवी मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए सरकार ने पैसे स्वीकृत किए हैं। नाथद्वारा में 50 करोड़ की लागत से श्रीनाथजी मंदिर के आसपास भूमिगत विद्युत लाइन डाली गई है। नगर पालिका में भी नई हवेली में राम मंदिर का 40 लाख की लागत से जीर्णोद्धार करवाया गया है। डॉ. जोशी ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने 7 गारंटियों की घोषणा की, जिसमें कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर गृहलक्ष्मी गारंटी योजना में परिवार की महिला मुखिया को साल में 10000 रूपए मिलेंगे, पशु पालकों से 2 रूपए किलो गोबर की खरीद की जाएगी, सरकारी कॉलेज के पहले साल के स्टूडेंट्स को लैपटॉप/टेबलेट फ्री,15 लाख का आपदा राहत फ्री बीमा की गारंटी, हर स्टूडेंट को अंग्रेज़ी मीडियम शिक्षा की गारंटी, प्रदेश के 1.04 करोड़ परिवारों के लिए 500 रू में सिलेंडर, सरकारी कर्मचारियों के लिए ओपीएस कानून लाने की घोषणा शामिल है।
