उदयपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर श्रेष्ठतम प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और शहर का नाम पूरे राज्य मेें रोशन किया है। विद्यालय के मेधावी छात्र चैतन्य योगेश गवली ने 99.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि पूर्ण उदयपुर संभाग में भी प्रथम स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
विद्यालय स्तर पर तन्वी जैन ने 99 प्रतिशत अंकों के साथ उदयपुर संभाग में द्वितीय स्थान तथा समृद्धि सिंह ने 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस वर्ष विद्यालय के कुल 202 विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 59 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।विद्यालय का समग्र परिणाम अत्यंत प्रभावशाली रहा। कुल 155 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर डिस्टिंक्शन हासिल कर विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को और सुदृढ़ किया।विशेष उपलब्धि के रूप में 17 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत (100 में से 100) अंक प्राप्त किए। इनमें विज्ञान विषय में 4 विद्यार्थियों, संस्कृत में 4 विद्यार्थियों, फ्रेंच में 2 विद्यार्थियों, सामाजिक विज्ञान में 1 विद्यार्थी तथा आईटी विषय में 6 विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के प्रो. वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि विद्यालय का उद्देश्य श्रेष्ठ एवं संस्कारित विद्यार्थियों का निर्माण करना है और यह शानदार परिणाम उसी दिशा में प्रतिवर्ष एक सफल योजना को दर्शाता है।
विद्यालय के प्राचार्य संजय नरवारिया ने सभी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों की कार्यकुशलता, विद्यार्थियों की सतत मेहनत तथा अभिभावकों के पूर्ण सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डीपीएस उदयपुर सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है, जिसका प्रमाण यह उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम है। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य श्री राजेश धाभाई तथा समस्त शिक्षकगणों ने सभी विद्यार्थियों को उनकी इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डीपीएस, उदयपुर के छात्र चैतन्य गवली 99.2 प्रतिशत अंकों के साथ उदयपुर संभाग में प्रथम
