कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस व प्रशासन समन्वय से करें कार्य-संभागीय आयुक्त

लोकसभा चुनाव व त्योहारों के मद्देनजर आयुक्त-आईजी ने ली संभाग के सभी कलक्टर-एसपी की बैठक
उदयपुर, 22 मार्च। आगामी लोकसभा आम चुनाव तथा धार्मिक पर्वों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट और पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लांबा ने शुक्रवार शाम को संभाग के सभी जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से बैठक ली।
बैठक में संभागीय आयुक्त भट्ट ने आगामी चुनाव तथा होलिका दहन, धूलण्ड़ी, गुड फ्राइडे, ईदुलफितर, चेटीचण्ड, गणगौर, रामनवमी जैसे सभी तरह के धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को बेहतर समन्वय रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाए, इसमें किसी भी प्रकार की कौताही नहीं बरती जाए। भट्ट ने उपखंड व थाना स्तर पर सीएलजी और मौतबीर लोगों की बैठकें लेने, पटवारी, बीट कांस्टेबल और ग्राम विकास अधिकारी स्तर के अधिकारियों व कार्मिकों को सक्रिय करने तथा क्षेत्र में होने वाली हर छोटी-बड़ी हलचल पर नजर रखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक लांबा ने कहा कि किसी भी प्रकार की रैली, शोभायात्रा अथवा जुलूस बिना सक्षम अनुमति के नहीं निकले। रैली-जुलूस में यथासंभव डीजे पर पाबंदी रहे और यदि अनुमति देनी भी पड़े तो डीजे पर बजने वाले गीतों- नारों की पैनड्राईव पहले ही प्राप्त कर ली जाए। डीजे वाहन के पास पुलिसकर्मी तैनात रहे, ताकि भड़काउ नारे नहीं बजाए जा सकें। उन्होंने धार्मिक शोभायात्राओं में आवश्यक रूप से पुलिस बल तैनात किए जाने, जुलुस आदि भीड-भाड़ वाले स्थानों तथा मार्गों पर ड्रोन से निगरानी रखने, धार्मिक भवनों आदि के आस-पास रात्रि में कम से कम दो बार पुलिस गश्त किए जाने, चुनावों के मध्य नजर कार्यक्रमों पर विशेष सतर्कता बरतने सहित अन्य दिशा-निर्देश दिए। वीसी में जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल, पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल, एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी सहित चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजसमंद और सलूम्बर जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक भी शामिल हुए।

लोकसभा आम चुनाव-2024-मतदान का महत्व बताया
उदयपुर, 22 मार्च। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पोसवाल के निर्देशन में जिले में स्वीप गतिविधियां जारी है।
मुख्य आयोजना अधिकारी व स्वीप के सह प्रभारी  पुनीत शर्मा ने बताया कि मतदाता जागरूकता गतिविधियों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की आशा सहयोगिनी, एएनएम सहित कुल 300 चिकित्साकर्मियों को वोटर हेल्पलाइन एप, सी विजिल ऐप, सक्षम ऐप एवं केवाईसी ऐप के बारे में जानकारी दी एवं मतदान अवश्य करने का आह्वान किया। शहर के विभिन्न लेबर चौराहों पर श्रमिकों को मतदान का महत्व बताया। वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के कानोड़ कस्बे में एसबीएस चौरडिया जवाहर विद्यापीठ शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, झाडोल उपखंड मुख्यालय पर अन्नपूर्णा रसोई घर, सलूंबर के नाइजर में लेबर चौराहे पर मतदाता जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान का महत्व बताया।

राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष 26 को करेंगे विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण
27 को लेंगे अधिकारियों की बैठक, 28 को करेंगे जनसुनवाई

उदयपुर, 22 मार्च। राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष जस्टिस रामचंद्र सिंह झाला मंगलवार 26 मार्च को उदयपुर में पुलिस थाना, राजकीय चिकित्सालय, राजकीय छात्रावास एवं बाल सुधार गृह का औचक निरीक्षण करेंगे। वे 27 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला परिषद सभागार में पुलिस, प्रशासन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों की मानव अधिकारों व आयोग में लंबित प्रकरणों के संबंध में बैठक लेंगे। वे 28 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई करेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!