पंच गौरव क्रियान्वयन समिति की बैठक
उदयपुर, 9 अप्रैल। जिला स्तरीय पंच गौरव क्रियान्वयन समिति की बैठक गुरुवार को समिति अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने पंच गौरव कार्यक्रम के तहत अब तक की प्रगति और आगामी वर्ष के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना को लेकर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से पंच गौरव को लेकर प्रकाशित वॉल एवं टेबल कैलेण्डर का भी विमोचन किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने मुख्य सचिव महोदय एवं निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग जयपुर से प्राप्त पत्र में दिये गये निर्देशानुसार पंच गौरव 2026-27 की कार्ययोजना बनाने हेतु चर्चा की। इसमें उन्होंने जिले की प्राथमिकताओं के अनुसार एक समन्वित, क्रियान्वयन योग्य एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना जो विकसित राजस्थान 2047 के अनुरूप हो तैयार करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही निर्देशित किया कि कार्ययोजना में वर्ष 2024-25 को आधार वर्ष मानते हुए 2026-27 के लिए अल्पकालीन, वर्ष 2029-30 के लिए मध्यकालीन तथा वर्ष 2047 के लिए दीर्घकालीन लक्ष्य निर्धारित किए जाए तथा इनके अनुरूप स्पष्ट मापनीय संकेतक निर्धारित किए जाएं।
संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी पुनीत शर्मा ने संबंधित विभागों से प्राप्त पंच गौरव 2026-27 की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस पर विभाग वार चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने विभागों को कार्ययोजना वर्किन्ग एजेंसी से अनुमोदित एस्टीमेट के साथ भिजवाने एवं जिला कोषाधिकारी द्वारा मार्केट रेट फाईन्डिंग कमिटी का गठन कर उनके द्वारा जांच उपरांत भिजवाने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, युडीए सचिव हेमेंद्र नागर, उप वन संरक्षक मुकेश सैनी, कोषाधिकारी पार्थ शर्मा, उप निदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क गौरीकान्त शर्मा, उपनिदेशक उद्यानिकी कैलाशचंद्र शर्मा, जिला उद्योग एवं वाणिज्यिक केंद्र के महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा, जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल आदि उपस्थित रहे।
