जोधपुर में वकील की हत्या के विरोध में उदयपुर में वकीलों का प्रदर्शन, अदालतों में कोई कामकाज नहीं हुआ

उदयपुर। जोधपुर में एक वकील की हत्या के विरोध में सोमवार को उदयपुर के वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बार एसोसिएशन उदयपुर के नेतृत्व में वकीलों ने जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया, वहीं मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। जिसके बाद जिला कलक्टर को ज्ञापन भी दिया। सोमवार को उदयपुर के वकीलों ने पूरी तरक कार्य बहिष्कार रखा। जिसके चलते अदालतों में केवल तारीख आगे बढ़ाए जाने के अलावा कोई काम नहीं हुआ।
उदयपुर बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप मोगरा ने बताया कि जोधपुर में 55 वर्षीय वकील जुगराज की आरोपियों ने सरेआम नृशंस तरीके से हत्या कर दी थी। इसके विरोध में सोमवार को वकीलों ने अदालती कामकाज का पूरी तरह बहिष्कार कियाह। कोर्ट चौराहे के बाहर एकत्रित होने के बाद वकीलों ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। जिसके चलते चेटक से और सुखाड़िया सर्कल से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ते से निकलना पड़ा। इसी तरह देहली गेट तथा शास्त्री सर्कल से आने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों की ओर मोड़ दिया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में वकील नारेबाजी करते हुए जिला कलक्ट्रेट पहुंचे तथा वहां जंगी प्रदर्शन किया। एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद वकीलों का प्रतिनिधिमंडल जिला कलक्टर से मिला तथा उन्हें वकीलों की सुरक्षा संबंधी बिल लाए जाने को लेकर अपनी अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन दिया।
कलक्ट्रेट के गेट पर चढ़कर किया प्रदर्शन
जोधपुर की घटना आक्रोशित कुछ वकील उदयपुर कलक्ट्रेट के गेट पर चढ़ गए और हक के लिए नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन वकीलों की भीड़ गेट की ओर जमा थी। इस दौरान वकीलों ने हत्या के आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की। वकीलों को ज्ञापन लेने एडीएम प्रशासन ओपी बुनकर बाहर आए।
एडवोकेट्स बिल पारित हो: अध्यक्ष मोगरा
बा​र एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश मोगरा ने बताया कि जोधपुर के वकील के साथ हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से वकील समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। आए दिन वकीलों के साथ होने वाली घटनाओं को रोकने और एडवोकेट्स प्रोटेक्शन बिल पारित कराने की मांग को लेकर सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही जान गंवाने वाले वकील को न्याय एवं पीड़ित परिवार को आ​र्थिक सहायता देने की भी मांग की गई।
ये है मामला
तीन दिन पहले जोधपुर में 55 साल के वकील जुगराज चौहान की सरे राह चाकू और पत्थर से हमला हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद प्रदेशभर के वकीलों में भारी नाराजगी है। इस मामले में अब तक 3 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। इस मर्डर का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें हमलावर वकील को चाकू मारते नजर आ रहे हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!