उदयपुर। भारतीय जनवादी महिला समिति समर्थकों ने शुक्रवार को उदयपुर के जिला कलक्ट्रेट पर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने नारेबाजी कर आक्रोश जताते हुए रसोई गैस सिलेंडर के दामों को कम करने की मांग की।
महिलाओं ने देश में बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के साथ ही खाद्य सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की बात कही। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि देश में महंगाई की मार लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार ने गत 1 मार्च को घरेलू गैस सिलेंडर 50 रुपए और वाणिज्य गैस सिलेंडर पर 350 रुपए बढ़ाकर देश की जनता को परेशान कर भारी मानसिक आघात पहुंचाया है। लगातार गैस के दाम में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे मध्यम वर्ग के लोगों पर प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा लगातार दैनिक जरूरतों की वस्तुएं काफी महंगी हो रही है। इस पर नियंत्रण किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि सरकार को सिलेंडर के दामों में कमी करनी होगी, अन्यथा आम आदमी का जीना दूभर हो जाएगा।