– कैट वुमेन विंग उदयपुर का मिस/मिसेज गणगौर कार्यक्रम का हुआ आयोजन
– महिलाएं 16 श्रृंगार कर मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के लिए दिखाई अपनी प्रतिभा
उदयपुर, 14 मार्च। झीलों की नगरी में मेवाड़ के पारंपरिक एवं सांस्कृतिक पर्व गणगौर के शुभ अवसर पर कैट वुमेन विंग उदयपुर की ओर से मिस एवं मिसेज गणगौर प्रतियोगिता का भव्य आयोजन अशोका ग्रीन में किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सुसज्जित होकर मेवाड़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का आकर्षक प्रदर्शन किया।
कैट वुमेन विंग उदयपुर की अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय समिति सदस्य विजयलक्ष्मी गलुंडिया ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेवी आगरिया राजघराने की बृजराज कुमारी राठौड़ रहीं,कार्यक्रम अध्यक्षता कैट विमेन विंग ग्वालियर अध्यक्ष कविता जैन थी। जबकि विशिष्ट अतिथि समाजसेवी दीपा साबला, एससीआई फाउंडर तरीका भानु प्रताप सिंह एवं विजेता मेहता डायरेक्टर ईडीव्यू एजुकेशन उपस्थित रहे।
गलुंडिया ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में पारंपरिक परिधानों, आभूषणों और मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि एवं गर्व की भावना को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ 16 श्रृंगार कर भाग लिया। प्रतिभागियों के आकर्षक रूप और आत्मविश्वास को देखकर निर्णायकों के लिए चयन करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। गलूंडिया ने बताया कि यह आयोजन मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने और महिलाओं को अपनी विरासत से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम संयोजिका कविता बलदवा, अनीता माहेश्वरी, सुनीता बेलावत, ऋतु भटनागर एवं अनीता नाहर ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई। प्रथम चरण में ड्रेस-अप, परिचय, आभूषण और कॉन्फिडेंस के आधार पर 30 प्रतिभागियों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया। दूसरे चरण में टैलेंट राउंड हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने नृत्य एवं पारंपरिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। इसके आधार पर 10 प्रतिभागियों का चयन प्रश्न-उत्तर राउंड के लिए किया गया, जिसमें मेवाड़ की संस्कृति और परंपराओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
– सारिका जैन बनी मिसेज गणगौर, प्रतिभा राठौड़ प्रथम रनरअप
कैट विमेन विंग सचिव डॉ सोनू जैन ने बताया कि सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए ये रहे विजेता “सारिका जैन को मिसेज गणगौर” के खिताब से सम्मानित किया गया। प्रथम रनर अप प्रतिभा राठौड़, द्वितीय रनर अप रौनक चुंडावत, बणी-ठणी गणगौर में भावना लोहार, सोलह श्रृंगार गणगौर तनु जैन, मुस्कुराती गणगौर लतिका मेहता को घोषित किया गया। प्रथम द्वितीय तृतीय विजेताओं को क्रमश: 5100/-, 3100/-, 2100/- के नकद पुरस्कार रहा स्मृति चिन्ह, सर्टिफिकेट,क्लिडोस्कोप की ओर से पांच-पांच हजार की फ्री शॉपिंग वाउचर, डी प्लस शानदार की ओर से आकर्षक गिफ्ट, पिज्जा गैलेरिया एवं वीनस ट्रैवल की ओर से डिस्काउंट वाउचर से नवाजा गया। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, सर्टिफिकेट एवं नेहा माहेश्वरी की ओर से आकर्षक गिफ्ट से नवाजा गया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत कैट वुमेन विंग उदयपुर की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी गलुंडिया ने किया। जबकि अंत में कैट वुमेन विंग की सचिव डॉ. सोनू जैन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
मिस एवं मिसेज गणगौर प्रतियोगिता में झलकी मेवाड़ की संस्कृति, सारिका जैन बनी मिसेज गणगौर
