उदयपुर, 10 अगस्त। स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में कला संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 से 14 अगस्त तक प्रस्तावित हर घर तिरंगा- 2024 अभियान के दौरान फतहसागर पाल पर सायं 6.00 बजे पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर की ओर से देशभक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर के निदेशक फुरकान खान ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु केन्द्र द्वारा फतहसागर पाल पर सायं 6.00 बजे पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर की ओर से देशभक्ति संध्या का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें शिल्पग्राम में आए गाजी खां मांगणियार एवं दल, लाखा वारसिंह कच्छी भजन तथा म्यूजिक मेकर्स ग्रुप द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी क्रम में 14 एवं 15 अगस्त को बागोर की हवेली एवं शिल्पग्राम मुख्य द्वार को तिरंगामयी लाईटों से सजाया जाएगा।
केन्द्र द्वारा आगामी 13 अगस्त मंगलवार की सुबह फतहसागर से विद्याभवन उच्च माध्यमिक विद्यालय तक भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली के बाद क्विज प्रतियोगिता का आयोजन तथा स्वतंत्रता सैनानियों की चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
साथ ही अजमेर, डूंगरपुर, राजसमंद में तिरंगा रैली, क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इसके साथ ही जोधपुर में 13 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली तथा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 14 एवं 15 अगस्त को सूचना केन्द्र में देश की आजादी हेतु शहीद देशभक्तों के उपर बनाए गए पेंटिंग्स की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आमजन से आह्वान किया जाता है कि सभी अपनी फोटो तिरंगे के साथ लेकर हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर एवं सोशल मीडिया पर अपलोड करें।
फतहसागर पाल पर आज सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
