उदयपुर। प्रजापिता ब्रह्मा कुमारीज़, खनिज नगर द्वारा नवरात्रि के शुभ अवसर पर एक निजी सभागार में विशेष भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया | इस पावन पर्व को सभी ने अत्यंत उमंग और उत्साह के साथ मनाया |
कार्यक्रम की शुरुआत चैतन्य देवियों की झाँकियों से हुई, जिन्हें दिव्य गुणों से श्रृंगारित किया गया था | ये झाँकियाँ इतनी आकर्षक और मनमोहक थीं कि मानो माँ दुर्गा का साक्षात्कार हो रहा हो | उपस्थित भक्तजन इस दृश्य से मंत्रमुग्ध होकर आनंदित हुए |
इसके पश्चात सांस्कृतिक नृत्य एवं आध्यात्मिक भजनों ने अलौकिक वातावरण का निर्माण किया | सभी उपस्थितजन उमंग-उत्साह से नृत्य करते हुए आनंद की अनुभूति करने लगे और चारों ओर खुशी का माहौल छा गया |
इस अवसर पर नाट्य मंचन द्वारा नवरात्रि के आध्यात्मिक अर्थ को भी स्पष्ट किया गया | दिखाया गया कि जैसे माँ दुर्गा ने असुरों का संहार किया, वैसे ही हमें भी अपने भीतर के अवगुणों और विकारों रूपी असुरों का नाश करना चाहिए | माँ दुर्गा की तरह हमें भी करुणा और प्रेम से सर्वजन का कल्याण करना चाहिए |
अपने सम्बोधन में बी के रीटा बहन ने कहा की नवरात्रि का यह पर्व जीवन में नई चेतना, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा को जागृत करने का संदेश देता है| अंत में, रास और गरबा नृत्य के साथ इस उत्सव का भव्य समापन हुआ |
कार्यक्रम में मुख्य केंद्र से बी.के. रीटा बहन तथा खनिज नगर केंद्र संचालिका बी.के. रीटा आहूजा, मीडिया समन्वयक प्रो. विमल शर्मा, सहित ब्रह्मा कुमारी भाई-बहन एवं केंद्र से जुड़े 55 परिवारजन उपस्थित रहे। आरती व भोजन प्रसाद के बाद सभी ने प्रस्थान किया
