जेसीबी की मदद से हटाए पक्के अवैध निर्माण
उदयपुर, 02 अप्रेल (ब्यूरो): । नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए मंगलवार को हाथीपोल क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान निगम के अधिकारियों को व्यापारियों के गुस्से का सामना भी करना पड़ा।
बीते दिनों अवकाश के बाद निगम का अतिक्रमण दस्ता मंगलवार को सुबह हाथीपोल क्षेत्र में पहुंचा और कार्रवाई शुरू की। यहां व्यापारियों द्वारा अपने प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए पक्के निर्माणों को निगम दस्ते ने जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध भी किया। चौराहा से दस्ता आगे बढ़ते हुए झरिया वाला मार्ग पर पहुंचा और दुकानदारों के कब्जे हटाने शुरू किए। कार्रवाई के बीच एक अतिक्रमी युवक ने हंगामा करना शुरू कर दिया लेकिन निगम अधिकारियों ने अपनी कार्रवाई को जारी रखा। इस पर युवक अपने कपड़े उतार कर सड़क पर वाहनों के आगे लेट प्रदर्शन करने लगा। निगम अधिकारियों ने उसे समझाइश करने का प्रयास किया लेकिन फिर भी वह नहीं माना। इस बीच उसकी मां भी वहां आ पहुंची और निगम द्वारा दिए गए लाइसेंस की दुहाई देने लगी। महिला ने निगम दस्ते पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया जबकि निगम अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। झरिया मार्ग पर अन्य स्थानों पर भी निगम अधिकारियों को कार्रवाई के लिए व्यापारियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। व्यापारी उनसे उलझते दिखे और जमकर बहस की।
निगम दस्ते ने हाथीपोल क्षेत्र में की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई
