उदयपुर: उदयपुर—अहमदाबाद रेलमार्ग पर जयसमंद और सेमारी के बीच बदमाशों के रेलवे की विद्युत लाइन चोरी जाने तथा तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इसके चलते जयपुर से असारवा तक जाने वाली यात्री रेलगाड़ी बीच रास्ते एक घंटे तक रूकी रही। बाद में तकनीकी दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर लाइन को दुरुस्त किया और ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया। इस संबंध में रेलवे ने सेमारी थाने में मामला दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार जयसमंद और सेमारी के बीच रेलवे लाइन के बीच अज्ञात बदमाशों ने विद्युत लाइन को काटकर उसमें से कॉपर के वायर निकाल लिए। साथ ही बदमाशों ने रेलवे की संपत्ति को नुकसान भी पहुंचाया। इस कारण रेलवे लाइन के बीच तार लटकने से जयपुर—असावरा ट्रेन को जयसमंद व सुरखंड का खेड़ा के बीच एक घंटे तक रोका गया। इसके चलते डूंगरपुर, हिम्मतनगर तथा अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना पर रेलवे के अधिकारियों का दल ट्रेक का निरीक्षण करने पहुंचा और विद्युत तार को दुरुस्त कराने के बाद ही ट्रेन को रवाना किया। इस मामले में रेलवे प्रबंधक रोहित पाठक ने सेमारी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी तथा रेलवे की संपत्ति को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कराया है। बताया गया कि रेलवे की विद्युत लाइन से कॉपर के वायर चोरी की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले भी अज्ञात बदमाश रेलवे लाइन से कॉपर के वायर चुरा चुके हैं और उन घटनाओं के मामले संबंधित थानों में दर्ज हैं। किन्तु अभी तक रेलवे की विद्युत लाइन से कॉपर वायर चुराने वालो का सुराग नहीं लग पाया है।
रेलवे की विद्युत लाइन से चुराए तांबे के तार, एक घंटे तक रूकी रही जयपुर—असारवा ट्रेन
