महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह आरएनटी मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित
राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री बागड़े ने विभिन्न संकायों के 1 हजार 181 विद्यार्थियों को दी उपाधियां 44 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से किया सम्मानित, उज्ज्वल भविष्य हेतु दी शुभकामनाएं
उदयपुर, 22 दिसंबर। माननीय राज्यपाल श्री हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने कहा कि दीक्षान्त समारोह विद्यार्थी के जीवन का नव आरंभ होता है। आज विश्वविद्यालय की उपाधियों और स्वर्ण पदक उपलब्धियों में अधिकांश बालिकाएं हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। छात्राओं को अवसर मिले तो वे स्वयं को बेहतर साबित करती हैं। कृषि शिक्षा में लड़कियों की बढ़ती रुचि प्रसन्नता का विषय है। देश की समृद्धि का मार्ग कृषि से ही प्रशस्त है। वे सोमवार को आरएनटी मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 19वें दीक्षान्त समारोह में बतौर अध्यक्षीय उद्बोधन के दौरान संबोधित कर रहे थे।
श्री बागड़े ने कहा कि कृषि भारतीय जीवन का आरंभ और आधार है, देश की दो-तिहाई से अधिक आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर है। अनाज के बिना जीवन संभव नहीं है, लेकिन आज अनाज में रसायनों की बढ़ोतरी चिंताजनक है, जिससे अनेक बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि बिना रसायन का अन्न कैसे उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसे कई किसान हैं जो बिना किसी फर्टिलाइजर के खेती कर रहे हैं। अनाज और खाद्यान्न की मांग बढ़ रही है, जबकि कृषि योग्य भूमि सीमित होती जा रही है। 80 के दशक तक देश को अनाज आयात करना पड़ता था, जबकि आज हमारे अनाज भंडार भरे पड़े हैं। यह कृषि क्षेत्र में देश की ऐतिहासिक उपलब्धि है।
राज्यपाल श्री बागड़े ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या की आवश्यकताओं को देखते हुए पोषक तत्वों से भरपूर अनाज उत्पादन बढ़ाने पर कार्य करना होगा। देश-विदेश में श्री अन्न का उपयोग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से बढ़ा है। उन्होंने छात्रों से कहा कि आज के युग में नौकरी के लिए केवल डिग्री नहीं, बल्कि बौद्धिक क्षमता, नम्रता और सभ्यता भी आवश्यक है। सरकार द्वारा बैल से खेती को प्रोत्साहन देने और डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने की योजनाएं किसानों के लिए संबल बन रही हैं। देश को समृद्ध बनाने के लिए गांवों को समृद्ध करना होगा। विकसित भारत 2047 का सपना युवा पीढ़ी के भरोसे ही साकार होगा।
समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री बागड़े द्वारा विभिन्न संकायों की 1 हजार 181 उपाधियां प्रदान की गईं तथा 44 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा विकसित की गई विविध उन्नत कृषि किस्मों का भी लोकार्पण हुआ।
केवल नौकरी के पीछे भागने से काम नहीं बनेगा, किसानों तक शोध और अनुभव पहुंचाना ही सबसे बड़ी सेवा- कृषि मंत्री डॉ मीणा
समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित करते हुए प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि युवाओं का केवल नौकरी के पीछे भागने से काम नहीं बनेगा। भारत कृषि संकल्प यात्रा के माध्यम से पहली बार कृषि वैज्ञानिक लैब से निकलकर खेत तक पहुंचे हैं और किसानों को फील्ड में जाकर बताया जा रहा है कि कौन सा फर्टिलाइजर और कितनी मात्रा में उपयोग करना है।
उन्होंने कहा कि कृषि के स्वास्थ्य को उत्तम बनाने के लिए बेशुमार रसायनों और फर्टिलाइजर के उपयोग को नियंत्रित करना होगा तथा बायो फर्टिलाइजर को बढ़ावा देना होगा। अधिक उपज के लालच में अंधाधुंध फर्टिलाइजर उपयोग से धीरे-धीरे उत्पादन घट रहा है।
उन्होंने बताया कि बाजार में नकली डीएपी की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करते हुए सरकार द्वारा 20 बड़ी कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। डॉ मीणा ने छात्र-छात्राओं से कहा कि किसानों के चेहरे पर खुशहाली लाने के लिए अध्ययन के दौरान अर्जित ज्ञान को जमीनी स्तर तक पहुंचाना होगा। आप किसानों को ऊंचाई तक ले जाकर आत्मनिर्भर बना सकते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी की दूरदर्शी सोच से देश में कृषि, दुग्ध, दलहन और तिलहन उत्पादन में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज हुई है। किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से किसानों को आर्थिक संबल मिला है। ईआरसीपी योजना से राजस्थान के 17 जिले लाभान्वित होंगे। एफपीओ, शोध तंत्र, मशीन लर्निंग आधारित स्मार्ट कृषि अनुसंधान और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की आवश्यकता है।
समारोह में गौतम बुद्ध विवविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के पूर्व कुलपति प्रो. बी.पी. शर्मा ने दीक्षान्त उद्बोधन के दौरान कहा कि कृषि क्षेत्र में उन्नति की असीम संभावनाएं हैं। कृषि उद्यमिता के माध्यम से देश अर्थव्यवस्था के अभूतपूर्व लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने जैव विविधता, मधुमक्खियों की घटती संख्या, केंचुओं के विलोपन, जेनेटिकली मॉडिफाइड क्रॉप और पर्यावरण के लिए हानिकारक रसायनों के उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण पर बल दिया।
समारोह में बेंगू विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ सहित गणमान्य अतिथि, विश्वविद्यालय के अकादमिक संकायों के विभागाध्यक्ष, शैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
