भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने राजसमंद और उदयपुर में निकाला रोड शो तथा सभा को किया संबोधित
उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की नीति में ही खोट है। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में अराजकता का माहौल बन गया है। प्रदेश में कांग्रेस ने हर मामले को तुष्टिकरण की नीति के चश्मे से देखा है जिससे आम जनता में भय का माहौल बन गया है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने सोमवार को राजसमंद में भाजपा प्रत्याशी दीप्ति किरण माहेश्वरी के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प सभा व युवा सिंहनाद कार्यक्रम में भाग लिया। जबकि उदयपुर में रोड शो निकालने के बाद हाथीपोल में जनसभा को संबोधित किया। भाजपा अध्यक्ष का कहना था कि गहलोत सरकार ने दोहरा मापदंड अपनाकर आम जनता को छला है। कांग्रेस के राज में राजस्थान की आन, बान व शान की प्रतीक पगड़ी को ठोकरें लगाई है। 25 नवंबर को प्रदेश की जनता कांग्रेस का ही नामोनिशान मिटा देगी।
नड्डा ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बेलगाम भ्रष्टाचार, महिला व बालिका उत्पीड़न, किसानों से छलावा, दलितों व पिछड़ों पर अत्याचार व तुष्टिकरण की नीति में नंबर एक पर रही है। कांग्रेस के राज में उदयपुर में सर तन से जुदा की घटना हुई। रामनवमी के जुलूस व कावड़ यात्रा रोकी गई। 300 वर्ष पुराने शिव मंदिर को ढहाया गया। संतों की निर्मम हत्याएं हुई। मंदिरों व देवस्थानों का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार साढ़े चार वर्ष तक मात्र खुद की कुर्सी को बचाने के लिए लगी रही। प्रदेश में विभिन्न परीक्षाओं के 19 पेपर लीक हुए जिसके कारण प्रदेश के लाखों युवाओं के साथ अन्याय हुआ है।
उदयपुर में रोड शो
भाजपा अध्यक्ष ने उदयपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो निकाला। उनके साथ रथ में उदयपुर शहर प्रत्याशी ताराचंद जैन तथा उदयपुर ग्रामीण प्रत्याशी फूल सिंह मीणा के अलावा उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली तथा उदयपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष भंवर सिंह शामिल थे। शहर के टाउनहॉल से निकाला गया रोड शो मुख्य बाजारों से होता हुआ हाथीपोल पहुंचा, जहां जनसभा में तब्दील हो गया। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ता तथा भाजपा महिला मोर्चा की सदस्याएं ड्रेस कोड में थी तथा एक जैसी वेशभूषा और भगवा रंग के साफे पहने थे। रोड शो की खास बात यह रही कि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूलों की जमकर बारिश की। रैली के पीछे सफाईकर्मी सड़कों को साफ करते हुए चल रहे थे।

संगठन ने इस बार भीड़ जुटाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। कारण कि इससे पहले एक बार पर्याप्त भीड़ नहीं होने पर गृहमंत्री अमित शाह रोड शो बीच रास्ते में ही छोड़ कर चले गए थे।

इस दौरान जनता पार्टी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अन्य मोर्चो के कार्यकर्ता पदाधिकारी बड़ी संख्या में डीजे की धुन पर देश भक्ति के गीतों पर उत्साहित हो नाच गा रहे थे । जैसे-जैसे रोड शो में चुनावी रथ आगे बढ़ता गया वैसे-वैसे अलग-अलग स्थान पर स्वागत करते हुए कार्यकर्ता इस रोड शो से जुड़ते चले गए और रोड शो टाउन हॉल से प्रारंभ होकर सूरजपोल बापू बाजार दिल्ली गेट अश्विनी बाजार होते हुए हाथी पोल पर संपन्न हुआ। मार्ग में विभिन्न समाजों और संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्वागत द्वार लगाकर पुष्प वर्षा की। कार्यकर्ता भाजपा जिंदाबाद और नरेंद्र मोदी के नारे लगाते हुए चल रहे थे। बापू बाजार मध्य में उप महापौर पारस सिंघवी के नेतृत्व में सैकड़ो कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। रोड शो में महिलाओं और युवाओं ने साफे बांधकर भाग लिया।

अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आर्थिक दृष्टि से कमजोर बच्चों को 1250 रुपए साल के उनकी यूनिफॉर्म एवं पुस्तिका के खर्चे के लिए सरकार उनके खातों में जमा कराएगी और इन सब के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को विजय बनाना है और अशोक गहलोत को विश्राम करने के लिए घर पर बिठाना है।
अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यह सरकार फर्टिलाइजर में घोटाला करने वाली, माइनिंग, बच्चों के मिड डे मील, वृद्धा पेंशन मैं घोटाला करने वाली किसानो की जमीन को हड़पने वाली इस सरकार को हमारी सरकार आने के पश्चात एसआईटी का गठन करके दोषियों को जेल में भिजवाया जाएगा। इसके बाद श्री जेपी नड्डा रथ से उतरकर कार में सवार होकर एयरपोर्ट की ओर प्रस्थान कर गए। अंत में भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली ने सभी का हार्दिक आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।
