-कांग्रेस सचिव आमेटा ने आपत्ति जता की शिकायत, कार्यकर्ताओं को एक्शन का इंतजार
राजेश वर्मा
उदयपुर, 22 मार्च। हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और उसके बाद प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा द्वारा भाजपा की गोद में बैठने वाले कांग्रेस नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने के बयान इन दिनों कांग्रेस पार्टी में ही काफी चर्चाओं में है। इस बीच उदयपुर शहर में भाजपा नेता का सम्मान करने के बाद ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री अपनी ही पार्टी के नेताओं की चपेट में आ गए। इस संबंध में शिकायत के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नेतृत्व के एक्शन का इंतजार है।
हुआ यूं कि राहुल गांधी और हाल ही उदयपुर आए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने भाजपा की गोद में बैठने वाले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एक्शन लेते हुए बाहर का रास्ता दिखाने के बयान दिए थे। इधर उदयपुर शहर के ए-ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री धर्मेन्द्र राजोरा व एक अन्य पदाधिकारियों द्वारा अपनी फर्म पर बुलाकर भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिगपाल का सम्मान किया गया। इसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने परकांग्रेस पूर्व सेवादल जिलाध्यक्ष एवं शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव कौशल आमेटा ने आपत्ति जताते हुए ए-ब्लॉक अध्यक्ष सोमेश्वर मीणा व शहर जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री अरुण टांक को वॉटसएप पर शिकायत की। आमेटा का कहना है विधानसभा चुनाव के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सोमेश्वर मीणा का स्वास्थ्य सही नहीं होने पर उनकी जिम्मेदारी धर्मेंद्र राजोरा ही संभाल रहे थे और तब कांग्रेस सरकार ने राजोरा को पूरा सम्मान भी दिया। उसके बावजूद उनके द्वारा भाजपा पदाधिकारियों का इस तरह सम्मान करना कहां तक उचित है। आमेटा ने कहा कि वे वार्ड 12 में पांच वर्षों से विपक्ष की भूमिका निभाते हुए भाजपा पार्ष्ज्ञद से जनहित के मुद्दों के लिए लड़ रहे हैं। कई बार भाजपा पार्षद मदन दवे द्वारा थाने में उनकी शिकायत भी की गई। उसके बावजूद जिम्मेदार पद पर रहते हुए धर्मेंद्र राजोरा द्वारा भाजपा नेताओं का सम्मान करना कहां तक उचित है। संगठन महामंत्री अरुण टांक ने आश्वस्त किया कि राजोरा ने जो कार्य किया वो निंदनीयह । अध्यक्ष से राय लेकर नोटिस दिया जाएगा। लेकिन अब तक नोटिस नहीं देने पर आमेटा ने उदयपुर पहुंची प्रभारी पीसीसी सचिव डिंपल कुंवर राठौड़ को संदेश के जरिए शिकायत की। तब डिंपर कुंवर ने इस संबध् में बात करने का भरोसा दिलाया। इस पूरे घटनाक्रम को देखते शहर के कांग्रेस पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी के उच्च नेतृत्व के एक्शन पर नजरें टिकी है।
इस संबंध में ए-ब्लॉक अध्यक्ष सोमेश्वर मीणा ने बताया कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने के सवाल पर मीणा ने अपनी निजी राय बताते हुए कहा कि कोई सामाजिक धार्मिक आयोजन में बुलाते हैं तो उसमें क्या गलत है। वहीं संपर्क करने का प्रयास करने पर शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने फोन पिक नहीं किया।