उदयपुर, 19 अप्रैल (ब्यूरो): भाजपा नेता तथा केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के रोड शो से पहले कांग्रेस ने शुक्रवार को वाशिंग मशीन के लाइव शो के जरिए भाजपा पर निशाना साधा।
कांग्रेस वार रूम के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने लाइव शो के दौरान कहा कि भाजपा जिन नेताओं पर करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाती है, उन्हें पार्टी में शामिल करवाने के बाद केस वापस ले लेती है। भाजपा के पास ऐसी वॉशिंग मशीन है, जिसमें 10 साल पुराना केस भी डालो तो आरोपी बेदाग निकलता है। मशीन के साथ-साथ ये कमाल मोदी वॉशिंग पावडर का भी है। कांग्रेस के प्रदर्शन में अशोक तंबोली, उमेश शर्मा, भगवान सोनी, सुभाष चित्तौड़ा, कन्हैयालाल मेनारिया, गणेश शर्मा, ओमप्रकाश वैष्णव आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यकर्ता सम्मेलन 20 को
माकपा, भाकपा, भाकपा (माले), कांग्रेस पार्टी और अन्य जनवादी, सामाजिक, समाजवादी संगठनों का कांग्रेस उम्मीदवार ताराचंद मीना के समर्थन में 20 अप्रैल की शाम 6:00 बजे माछला मंगरा स्थित माकपा कार्यालय शिराली भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी माकपा जिला सचिव राजेश सिंघवी ने दी। इसमें माकपा के राज्य सचिवालय सदस्य दुलीचंद मीना, भाकपा (माले) के राज्य सचिव शंकरलाल चौधरी, भाकपा के जिला सचिव सुभाष श्रीमाली, एमसीपीआई की जिला सचिव लीला शर्मा और कांग्रेस पार्टी व अन्य संगठनों के नेता संबोधित करेंगे।
कांग्रेस का वाशिंग मशीन के लाइव शो के जरिए भाजपा पर वार
