सलूम्बर से रघुवीर मीणा, वल्लभनगर से प्रीति शक्तावत तथा उदयपुर ग्रामीण से डॉ. विवेक कटारा ने भरा नामांकन
भाजपा से उदयपुर शहर से ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण से फूलसिंह मीणा तथा सलूम्बर से अमृतलाल ने भरा नामांकन
उदयपुर। राज्य में विधानसभा चुनाव की घोषणा को कई दिन बीत चुके लेकिन उदयपुर तथा सलूम्बर जिलों में शुक्रवार को पहली बार चुनावी माहौल दिखाई दिया। सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी तथा प्रतिपक्ष भाजपा के उम्मीदवारों ने नामांकन भरे तो दोनों ही पार्टियों के साथ समर्थक जनसमूह दिखाई दिया।
शुक्रवार को कांग्रेस से पर्चा भरने वालों में सलूम्बर से पूर्व सांसद रघुवीर मीणा, वल्लभनगर से मौजूदा विधायक प्रीति शक्तावत तथा उदयपुर ग्रामीण से डॉ. विवेक कटारा ने नामांकन भरे। जबकि भाजपा से नामांकन भरने वालों में उदयपुर शहर से ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण से मौजूदा विधायक फूलसिंह मीणा तथा सलूम्बर से मौजूद विधायक अमृतलाल मीणा शामिल थे। उदयपुर शहर से भाजपा प्रत्याशी ताराचंद जैन के साथ पिछले कुछ दिनों से विरोध जता रहे नगर निगम के उप महापौर पारस सिंघवी भी शमिल थे, जिन्होंने शुक्रवार सुबह ही सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर संगठन के साथ चलने की बात कही थी। उदयपुर ग्रामीण से मौजूदा विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी फूलसिंह मीणा ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन भरा। भाजपा के उदयपुर शहर तथा उदयपुर ग्रामीण विधायक दोनों एक साथ ही नामांकन भरने आए थे। नगर निगम से निकाली गई रैली के बाद वह निर्वाचन आयोग की ओर से तय समर्थकों के साथ ही अपना पर्चा भरने रिटर्निंग आॅफिसर के पास पहुंचे थे। जैन के साथ पार्टी जिलाध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली, पूर्व चेयरमैन युधिष्ठिर कुमावत, अनिल सिंहल, लोकेश द्विवेदी तथा डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री शामिल थे।

9 को प्रधानमंत्री मोदी आएंगे उदयपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवम्बर को उदयपुर आएंगे। इसकी जानकारी भाजपा नेता प्रमोद सामर ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने उन्हें फोन कर यह सूचना दी है।
जबकि कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. विवेक कटारा ने अपनी मां पूर्व विधायक एवं गिर्वा की मौजूदा प्रधान सज्जन कटारा तथा अपनी पत्नी सुखबीर कटारा के साथ नामांकन भरा। उदयपुर जिले की वल्लभनगर विधानसभा सीट के लिए मौजूदा विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति शक्तावत ने भाी नामांकन दाखिल किया।
उधर, सलूम्बर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सांसद रघुवीर मीणा ने एडवोकेट परमानंद शर्मा तथा समर्थकों की मौजूदगी में नामांकन भरा। सलूम्बर से ही भाजपा प्रत्याशी एवं मौजूदा विधायक अमृतलाल मीणा ने भ्ज्ञी नामांकन भरा।
