उदयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस महासचिव नियुक्त लालसिंह झाला एवं देहात जिलाध्यक्ष कचरूलाल चौधरी का रविवार को महाराणा प्रताप की राजतिलक स्थली गोगुंदा में आयोजित समारोह में स्वागत अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव झाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार द्वारा सभी वर्ग की खुशहाली के लिए चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आम जनमानस केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा बढ़ाई गई महंगाई से त्रस्त है। गहलोत सरकार राहत देने 500 रूपए में गैस सिलेंडर दे रही है। नवनियुक्त देहात जिलाध्यक्ष कचरूलाल चौधरी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करें और राज्य में कांग्रेस की सरकार वापस बनाने की तैयारी करें। पूर्व मंत्री डॉ मांगीलाल गरासिया ने कहा कि राज्य सरकार ने सायरा को तहसील बनाया, बडगांव में थाना एवं सेटेलाइट चिकित्सालय, देवला मे पचायत समिति, गोगुन्दा में कृषि महाविद्यालय खोलकर बड़े कार्य किए हैं। प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं गोगुन्दा विधानसभा के प्रभारी योगेन्द्रसिंह परमार ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने बूथ पर पार्टी को जीत दिलाने के लिए कार्य करना है। गोगुन्दा विधानसभा के समन्वयक रामचन्द्र जनावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस पार्टी द्वारा बनाई गई परिसम्पतियां हिन्दुस्तान जिंक, लक्ष्मीविलास पैलेस होटल, रेलवे एवं एयरलाईन्स को उद्योगपतियों को बेच दिया। समारोह में पूर्व जिलाध्यक्ष ख्यालीलाल सुहालका, गोगुंदा ब्लॉक अध्यक्ष रामसिंह चदाणा, ब्लॉक संगठन महासचिव प्रहलादसिंह झाला, सायरा प्रधान सवाराम गमेती, उप प्रधान भारतसिंह बारहठ, जिला परिषद सदस्य नरपतसिंह चंपावत, जिला परिषद सदस्य कामिनी गुर्जर, पूर्व अध्यक्ष नारायण पालीवाल, क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष हरिसिंह झाला, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बालुभाई गमेती, ब्लॉक प्रवक्ता लालकृष्ण सोनी, महासचिव इंदर श्रीमाली, मंडल अध्यक्ष अर्जुनलाल पालीवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन पूर्व सरपंच करणसिंह झाला ने किया।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव झाला व देहात जिलाध्यक्ष चौधरी का अभिनंदन
