नववर्ष मुख्य शोभायात्रा के बाद होगा मंगल कलश यात्राओं का संगम 

-सजने लगे बैनर, कलश यात्रा के लिए न्यौतों का दौर जारी 
उदयपुर, 14 मार्च। भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति व नगर निगम उदयपुर के तत्वावधान में भारतीय नववर्ष (विक्रम संवत-2080) के स्वागत में 23 मार्च को होने वाली विशाल शोभायात्रा और धर्मसभा की तैयारियों की गति बढ़ गई है। इस बीच, शहर में अलग-अलग तीन स्थानों से निकलने वाली मंगल कलश यात्राओं के लिए भी मार्ग निर्धारण कर लिया गया है। तीनों यात्राएं अलग-अलग मार्गों से होते हुए देहलीगेट पर एक साथ मिलेगी। मंगल कलश यात्रा के संगम का यह अनुपम दृश्य ऐतिहासिक होगा। इसके बाद तीनों मंगलकलश यात्राएं एक होकर मुख्य शोभायात्रा में सम्मिलित हो जाएगी।
समिति के संयोजक कपिल चित्तौड़ा ने बताया कि भारतीय नववर्ष की मुख्य शोभायात्रा नगर निगम प्रांगण से निकलेगी, जबकि मंगल कलश यात्राएं जगदीश चौक, भूपालपुरा मैदान तथा फतह स्कूल से निकलेंगी। जगदीश चौक से निकलने वाली मंगल कलश यात्रा घंटाघर, बड़ा बाजार, बड़ी होली, भूपालवाड़ी, संतोषी माता मंदिर, तीज का चौक होते हुए देहलीगेट पहुंचेगी। इसी तरह, भूपालपुरा मैदान से निकले वाली मंगल कलश यात्रा मठ, कलेक्टर आवास, कोर्ट चौराहा होते हुए देहलीगेट पहुंचेगी। फतह स्कूल से निकलने वाली मंगल कलश यात्रा सूरजपोल, बापू बाजार होते हुए देहलीगेट पहुंचेगी।
तीनों मंगल कलश यात्राओं का संगम मुख्य शोभायात्रा के देहलीगेट से आगे बढ़ने के बाद होगा। मुख्य शोभायात्रा टाउन हॉल से दोपहर 2 बजे रवाना होगी। इसके देहलीगेट को पार करने के साथ ही कलश यात्राएं देहलीगेट पहुंचेंगी। संगम के बाद ये यात्राएं मुख्य शोभायात्रा में शामिल हो जाएंगी।
इस बीच, मातृशक्ति की अलग-अलग टोलियां अलग-अलग क्षेत्रों में महिला संगठनों सहित बुजुर्ग महिलाओं का आशीर्वाद लेते हुए कलश यात्रा व डांडिया दल में सम्मिलित होने का निमंत्रण दे रही हैं। हिरण मगरी सेक्टर-7 स्थित जगन्नाथ मदिर व भैरूजी के देवरे पर कलश यात्रा का निमंत्रण दिया गया। फूल माली समाज की ओर से शोभागपुरा 100 फीट रोड पर स्थित नंद भवन में आयोजित फाग उत्सव, होली स्नेह मिलन एवं गेर नृत्य महोत्सव में माली समाज के अध्यक्ष को श्रीफल एवं कलश भेंट कर न्यौता दिया गया। महिलाओं को पत्रक वितरित किए गए व कलश यात्रा के कूपन भी दिए गए। कलश यात्रा टोली में शीतल गुप्ता, कविता जोशी, अंजू सोनी, रेखा चौधरी, पुष्पा चौधरी, सुमित्रा जोशी, मंजू शर्मा, सुभाषिनी शर्मा, सोनिका जैन, तारा पालीवाल आदि शामिल रहीं।
हिंदुस्तान जिंक के पास आर्चीज गैलेक्सी अपार्टमेंट में तैयारी बैठक में भारतीय नववर्ष का महत्व बताते हुए सभी को शोभायात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया। क्षेत्र में भगवा पताकाएं, फ्लैक्स आदि सामग्री सजाने का निर्णय भी किया गया। इस बीच, विभिन्न कॉलोनियों में पताकाओं और बैनर लगाने का कार्य भी जारी है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति और नगर निगम के तत्वावधान में 23 मार्च को हो रहे आयोजन में शोभायात्रा के बाद महाराणा भूपाल स्टेडियम में धर्मसभा होगी। धर्म सभा में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री का उद्बोधन रहेगा।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!