उदयपुर, 25 जून। मातुश्री महिला क्लब उदयपुर की ओर से ओरियन्टल पैलेस में क्लब की संस्थापिका कौशल्या गट्टानी के नेतृत्व में अंतराक्षरी प्रतियोगिता का रंगारंग एवं मनोरंजक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गीत-संगीत और मनोरंजन का भरपूर आनंद उठाया।
क्लब की आशा कोठारी ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन मुस्कान क्लब के अरुण जोशी, के.के. त्रिपाठी एवं एस. पोरवाल के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने विभिन्न रोचक राउंड्स के माध्यम से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। प्रतियोगिता में पारंपरिक अंतराक्षरी के साथ-साथ शब्द राउंड, धुन राउंड एवं अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और संगीत ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में सुधा कौशल ग्रुप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विजया मेहता ग्रुप द्वितीय स्थान पर रहा। विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्षा आभा झंवर ने की। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए क्लब की गतिविधियों में निरंतर सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों के बीच सौहार्द, उत्साह और मनोरंजन का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर मातुश्री महिला क्लब उदयपुर की 70 से अधिक सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और आपसी सद्भाव के साथ हुआ।
मातुश्री महिला क्लब की अंतराक्षरी प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन सम्पन्न
