प्रदेश का तीसरा आईवीएफ सेंटर खुलेगा
उदयपुर।: प्रदेश के सरकारी अस्पताल में तीसरा आईवीएफ सेंटर उदयपुर में खुलेगा। जहां नि:संतान दंपत्तियों को नि:शुल्क उपचार मिलेगा। इसके लिए सरकारी रविन्द्रनाथ मेडिकल कॉलेज की सुपर स्पेशियलिटी विंग में खेाले जाने की चर्चा है।
निजी अस्पताल तथा निजी आईवीएफ क्लीनिकों में महंगे उपचार के चलते लाखों रुपए का खर्च आने से गरीब निसंतान दंपती उपचार नहीं करा पा रहे थे। अब सरकारी अस्पताल में आईवीएफ सेंटर के खुलने तथा वहां नि:शुल्क उपचार शुरू होने से उन्हें दूसरी जगह भटकना नहीं पड़ेगा।
बताया गया कि उदयपुर में खुलने वाला सरकारी आईवीएफ सेंटर प्रदेश में तीसरा होगा। जहां निःसंतानता के इलाज से लेकर प्रसव तक की सुविधा एक ही छत के नीचे मिल सकेगी। बताया गया कि आईवीएफ के साथ इस सेंटर पर आईयूआई, आईसीएसआई और एम्ब्रियो फ्रीजिंग के अलावा पुरुष निःसंतानता के लिए स्पर्म फ्रीजिंग की सुविधा भी मिलेगाी। इस सेंटर पर दूरबीन से बच्चेदानी, ट्यूब व अंडेदानी हिस्ट्रोस्कोपी एवं लेप्रोस्कोपी की जांच निशुल्क मिलेगी। जहां महिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा सभी मरीजों को उपलब्ध होगी। इस सेंटर पर पुरुष निःसंतानता की जांच टीसा व पीसा भी हो सकेगी।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विपिन माथुर ने बताया कि इस सेंटर के लिए अब तक इन्फ्रास्ट्रक्चर से लेकर सभी कार्य पूरे हो चुके हैं। महज एक निरीक्षण बाकी है, उसके बाद संभवतः नए साल में यह सेंटर भी काम करने लगेगा।
उदयपुर के सरकारी अस्पताल में नि:संतान दंपत्तियों को मिलेगा आईवीएफ का निशुल्क उपचार
