मुख्यमंत्री का सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों से संवाद आज

जिले के सवा तीन लाख लाभार्थियों को मिलेगी बढ़ी हुई राशि की सौगात
उदयपुर, 26 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की अभिवृद्धित राशि का हस्तांतरण कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित होगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा वर्चुअल माध्यम से पेंशन लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच पर 27 जून की सुबह 12 बजे आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जिलाप्रभारी मंत्री, सांसद, विधायकगण एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में जिलेभर से 1200 लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया है और कार्यक्रम दौरान जिले के सवा तीन लाख लाभार्थियों के खाते में बढ़ी हुई राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया जाएगा। इसके साथ ही जिलेभर के ग्रामीण क्षेत्रों के लाभार्थी ऑनलाइन जुड़ेंगे।

निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण संबंधी फेसिलिटेशन प्रशिक्षण 27 को
उदयपुर 26 जून। लोकसभा आम चुनाव 2024 में प्रत्याशियों के निर्वाचन संबंधी व्यय के अनुवीक्षण के संबंध में प्रशिक्षण व बैठक का आयोजन जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में होगा। निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 जून को फेसिलिटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम, 30 जून को लेखा समाधान बैठक का आयोजन होगा वहीं अभ्यर्थियों द्वारा लेखा जमा कराने की अंतिम तिथि 3 जुलाई रहेगी।

पेंशनर्स घर बैठे डाउनलोड कर सकते हैं फॉर्म 16
उदयपुर, 26 जून। उदयपुर जिले के पेंशनर्स जिनके वित्त वर्ष 2023-24 में पेंशन राशि से टीडीएस की कटौती हुई है, उनके फार्म नम्बर 16 आईएफपीएमएस पोर्टल पर पेंशन विभाग जयपुर द्वारा अपलोड कर दिये गये है। कोषाधिकारी (ग्रामीण) महेन्द्र सिंह सीमार ने बताया कि पेंशनर आईएफपीएमएस साइट पर जाकर पेंशनर लॉगिन विकल्प पर अपना पीपीओ नंबर एवं बैंक खाते के अंतिम चार अंक अंकित कर फार्म नम्बर 16 डाउनलोड कर सकते है। पेंशनर अपनी पेंशन स्लीप एवं पेंशन से संबंधित अन्य जानकारी भी इसी विकल्प से प्राप्त कर सकते है। पेंशनर को इस संबंध में कोष कार्यालय आकर फार्म नम्बर 16 प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!