मुख्यमंत्री ई-ग्राम परियोजना का प्रशिक्षण सम्पन्न

उदयपुर, 20 जून। पंचायत समिति गिर्वा में मुख्यमंत्री ई ग्राम परियोजना का प्रशिक्षण उपखंड अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (ई-ग्राम योजना) गिर्वा रिया डाबी के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी उदयपुर डॉ पीयूष भंडारी ने मुख्यमंत्री ई ग्राम परियोजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला एवं ई-ग्राम प्रभारियों को ईजी-1 प्रपत्र में सही सूचना संग्रहित करने हेतु दिशा निर्देश प्रदान किये।
प्रशिक्षण में ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी गिर्वा बनवारी लाल बुम्बरिया ने मुख्यमंत्री ई-ग्राम  परियोजना अंतर्गत वार्षिक ईजी-1 प्रपत्र में राजस्व गांव की मूलभूत सुविधाओं की जानकारी भरने हेतु विभाग एवं बिंदुवार ई-ग्राम प्रभारी को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी प्रदान की। ईजी-1 प्रपत्र में पशुपालन, कृषि, खनिज, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, विद्युत, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज एवं सहकारिता विभाग की मूलभूत सुविधा एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भरकर ब्लॉक सांख्यिकी कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे। जिसे ब्लॉक सांख्यिकी कार्यालय द्वारा ई-ग्राम पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा अपलोड के पश्चात आमजन को इन 12 विभागों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं के लाभान्वितों की संख्यात्मक जानकारी एक पोर्टलपर उपलब्ध होगी। प्रशिक्षण में ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी कुराबड़ दीपा डामोर, सांख्यिकी निरीक्षक गिर्वा राजेंद्र मीणा, सांख्यिकी निरीक्षक कुराबड़ परमजीत कुंवर देवड़ा, एवं  वरिष्ठ सहायक गिर्वा निधि मेहता उपस्थित रहे।

मावली में पंचायत समिति सदस्य का उपचुनाव स्थगित
उदयपुर 20 जून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दिशा-निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पोसवाल ने एक आदेश जारी कर पंचायत समिति मावली के पंचायत समिति सदस्य संख्या 7 का माह जून 2024 में प्रस्तावित उप चुनाव को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया है। वहीं इस रिक्त पद के लिए 14 जून को जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी लोक सूचना को भी तत्काल प्रभाव से प्रत्याहरित कर दिया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!