सत्तार खान की तूफानी बल्लेबाजी, राहुल लोहार और वैभव राव पाटिल की घातक गेंदबाजी ने दिलाई टीमों को जीत
उदयपुर। उदयपुर प्रीमियर लीग (यूपीएल) सीजन-3 के दूसरे दिन शिकारबाड़ी मैदान पर क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला। खेले गए मुकाबलों में चेतक स्पार्टन्स, प्रताप वॉरियर्स और फतेह फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीत लिए। बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन ने मुकाबलों को रोमांचक बना दिया।
दिन के एक मुकाबले में चेतक स्पार्टन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। टीम की ओर से सत्तार खान ने 43 गेंदों पर 67 रन और मनीष वैद ने 35 गेंदों पर 50 रन की शानदार पारियां खेलीं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पैलेस नाइट्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 154 रन ही बना सकी। इस तरह चेतक स्पार्टन्स ने 13 रन से जीत दर्ज की। शानदार बल्लेबाजी के लिए सत्तार खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार वितरण डीपीएस के वाइस प्रिंसिपल राजेश धाबाई ने किया।
एक अन्य मुकाबले में अरावली एवेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 170 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रताप वॉरियर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाकर मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया।
प्रताप वॉरियर्स के राहुल लोहार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार वितरण के अवसर पर वृत्त निरीक्षक गोवर्धन सिंह उपस्थित रहे।
एक अन्य मुकाबले में पिछोला पैंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन बनाए। जवाब में फतेह फाल्कन्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाकर 7 विकेट से जीत हासिल की।
फतेह फाल्कन्स की ओर से अनिरुद्ध और लोकेंद्र सिंह चुंडावत ने 38-38 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव राव पाटिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि ई-पर्क्स के अभिजीत भंडारी ने किया। आयोजन सचिव अनिरुद्ध सांखला ने बताया कि यूपीएल सीजन-3 में खिलाड़ियों का उत्साह और टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
यूपीएल सीजन-3 में चेतक, प्रताप और फतेह का दबदबा, तीनों टीमों ने दर्ज की शानदार जीत
