अशोका ग्रीन में हुआ पोस्टर का विमोचन
उदयपुर। बीसीआई के टूरिज्म चैप्टर बीसीआई टूरिज्म की ओर से होटल एवं रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के प्रतिभाशाली शेफ्स को समर्पित एक विशेष और भव्य आयोजन ‘शेफ आइकन अवॉर्ड्स 2026’ का आयोजन शीघ्र किया जाएगा। जिसका पोस्टर विमोचन बुधवार को अशोका ग्रीन में हुआ।कार्यक्रम की तिथि एवं स्थान की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुमिता सरोच, सयुक्त निर्देशक थीं। इस अवसर पर पोस्टर विमोचन के दौरान बीसीआई टूरिज्म प्रेसिडेंट श्रद्धा गट्टानी, गौरव भंडारी (बीसीआई टूरिज्म जनरल सेक्रेटरी), स्वाति स्वरूपरिया, मुकेश माधवानी (बीसीआई संस्थापक एवं चेयरमैन), संजीव पटवा (बीसीआई उत्सव अध्यक्ष), प्रियंका कोठारी, डॉ. सुरभि मेनारिया धींग (सेक्रेटरी, बीसीआई टूरिज्म), गिरिराज सिंह सिसोदिया, रुखसाना जी, प्रियंक चौहान एवं विनीता मोदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक एवं बीसीआई टूरिज्म की कोषाध्यक्ष स्वाति स्वरूपारिया ने बताया कि आज के समय में जब भी हम किसी रेस्टोरेंट में लंच या डिनर के लिए जाते हैं, तो वहां के एंबिएंस, इंटीरियर, सर्विस और विशेष रूप से खाने के स्वाद की खुलकर सराहना करते हैं। वेटर से लेकर गेटकीपर तक सभी से हमारा संपर्क होता है, लेकिन जिस व्यक्ति के कारण हम बार-बार उसी स्थान पर लौटते हैं, वह शेफ ही होता है।
उन्होंने कहा कि शेफ्स अपने अनुभव, कल्पनाशीलता और मेहनत से साधारण सामग्री को असाधारण स्वाद में बदल देते हैं। ऐसे प्रतिभाशाली शेफ्स को एक मंच प्रदान करना और उन्हें समाज के सामने पहचान दिलाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
संस्था की अध्यक्ष श्रद्धा गट्टानी ने कहा कि ‘शेफ आइकन अवॉर्ड्स 2026’ केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि एक भावनात्मक पहल है, जो उन कलाकारों को समर्पित है, जिनकी कला हमारे जीवन में स्वाद और खुशी का संचार करती है।
उन्होंने कहा कि जब हम किसी व्यंजन का आनंद लेते हैं, तो उसके पीछे की मेहनत, समय और समर्पण को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। इस आयोजन के माध्यम से हम उसी मेहनत को पहचान और सम्मान देना चाहते हैं।
संस्था के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि बीसीआई हमेशा से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत रहा है। ‘शेफ आइकन अवॉर्ड्स 2026’ इसी दिशा में एक नई पहल है, जिसमें होटल एवं फूड इंडस्ट्री के उन चेहरों को सामने लाया जाएगा, जिन्होंने अपने हुनर से समाज में एक अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन न केवल शेफ्स को सम्मानित करेगा, बल्कि युवा प्रतिभाओं को भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
सचिव डॉ. सुरभि मेनारिया धींग ने बताया कि यह कार्यक्रम होटल और फूड इंडस्ट्री के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जहां अनुभवी और उभरते हुए शेफ्स एक साथ आएंगे।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से इंडस्ट्री में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और नई प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।
वहीं जनरल सेक्रेटरी गौरव भंडारी ने बताया कि इस भव्य समारोह में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के प्रतिष्ठित शेफ्स को आमंत्रित किया जाएगा और उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और इसे भव्य एवं यादगार बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
