उदयपुर 22 जून। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय उदयपुर में एपिरोक कंपनी की ओर से सीएसआर के तहत महाविद्यालय के छः विद्यार्थियों को 25-25 हजार के चेक वितरित किये गए। संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी ललित रजक ने कंपनी प्रतिनिधियों का स्वागत कर इस योजना की महत्ता पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय की छात्रवृत्ति अधिकारी संध्या लोहिया ने बताया की कंपनी ने साक्षात्कार कर छः विद्यार्थियों का चयन किया। एपिरोक के अतिरिक्त एआईसीटीई द्वारा प्रगति व सक्षम योजना अंतर्गत भी दो-दो विद्यार्थियों को 50-50 हजार की छात्रवृत्तियाँ आवंटित की गई।
उल्लेखनीय है कि ये छात्रवृतियॉं समाज कल्याण विभाग द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्तियों के अतिरिक्त है। संस्थान के प्राचार्य डॉ.सैयद इरशाद अली ने बताया कि दक्षिण राजस्थान में डिप्लोमा के क्षेत्र में राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय उदयपुर ने चहुंमुखी विकास किया है और निरंतर उन्नति की ओर अग्रसर है।
नवोदय विद्यालय चयन प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी
उदयपुर 22 जून। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन प्रवेश परीक्षा कक्षा 6 हेतु सत्र 2023-24 की 29 अप्रेल को आयोजित परीक्षा का परिणाम बुधवार को नवोदय विद्यालय समिति द्वारा घोषित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि जारी परिणाम के अनुसार कुल 80 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 30 जून तक करवाना होगा सत्यापन
उदयपुर 22 जून। जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनान्तर्गत पेंशनर्स का वार्षिक सत्यापन करवाना आवश्यक है।
सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक मान्धाता सिंह ने बताया कि जिले में 56 हजार 156 पेंशनरों का सत्यापन नहीं हुआ है, जिसके संबंध में पेंशन स्वयं द्वारा या समस्त स्वीकृतकर्ता अधिकारी यथा एसडीएम या विकास अधिकार द्वारा पेंशनरों का वार्षिक भौतिक सत्यापन किया जाना है। इसके लिए पेंशनर्स ई-मित्र, स्वीकृतकर्ता अधिकारी के स्तर से ओटीपी, राजएसएसपी के मोबाइल एप्लीकेशन फेस एप के माध्यम तथा स्वीकृतकर्ता अधिकारी के स्तर पर आधार या जनाधार कार्ड अपलोड कर दस्तावेज बेस्ड सत्यापन करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अन्तर्गत 30 जून तक अपना वार्षिक सत्यापन नहीं करवाने वाले पेंशनर्स का आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
रसद विभाग की कार्यवाही : 1865 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ किया जब्त
उदयपुर, 22 जून। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के निर्देशन में अवैध पेट्रोलियम पदार्थ की व्यापार के रोकथाम के लिए लगातार कार्यवाही जारी है।
जिला रसद अधिकारी नरेश बुनकर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा रामद्वारा चौक, धानमण्ड़ी क्षेत्र स्थित धर्मपाल घाछा के आवासीय मकान में स्थित किराये के गोदाम में गोतम हाड़ा द्वारा संचालित दुकान में अवैध पेट्रोलियम पदार्थ भण्ड़ारित होने की सूचना पर दबिश देकर आबादी के बीच अवैध रूप से गोदाम में भण्ड़ारित कुल 11 ड्रमों में 1865 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ को टीम द्वारा मौके पर जब्त किया गया एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाने की कार्यवाही की जा रही है। मौके पर कार्यवाही के दौरान जिला रसद अधिकारी नरेश बुनकर, रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी विनोद परमार, रणजीत सिंह सिसोदिया, श्रीमती मानसी पण्ड्या एवं मनीष शर्मा उपस्थित रहे।
प्रवेशोत्सव अभियान संबंधी बैठक आज
उदयपुर, 22 जून। प्रवेशोत्सव अभियान 2023-24 को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय अधिकारियों व ब्लॉक प्रभारियों की बैठक 23 जून को सुबह 11 बजे गोवर्धन विलास स्थित डाइट कार्यालय में आयोजित होगी। यह जानकारी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने दी।
