उदयपुर की सवीना थाना पुलिस कर रही जांच
-सैय्यद हबीब
उदयपुर: दिल्ली के एक कारोबारी ने उदयपुर के कारोबारी पर 93 लाख हड़पने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। सवीना थाना पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली की श्रीचंद पॉलीमर कंपनी के निदेशक अक्षय गुप्ता ने हिरणमगरी सेक्टर 11 स्थित चामुण्डा पॉलीमर इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर रमेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। जिसमें बताया गया कि सोशल मीडिया के जरिए उसका संपर्क उदयपुर के कारोबारी से हुआ था। जिसमें उदयपुर के कारोबारी ने खुद को पीवीसी रेजीन के सप्लायर के रूप में परिचय दिया। जिस पर उसने अक्टूबर 2022 में रेजीन के लिए आॅर्डर दिया। जिसके एवज में नवम्बर तथा दिसम्बर 2022 में एडवांस राशि के रूप में एक करोड़, 4 लाख 64 हजार 240 रुपए जारी किए। डील कंफम्र होने पर उन्होंने अपने फेडरल बैंक के खाते से रमेश कुमार के एसबीआई बैंक के खाते में 93 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। रमेश कुमार के कहने पर माल की डिलीवरी के लिए तीन गाड़ियां भेजी गई, लेकिन रमेश कुमार ने माल नहीं दिया। तीन दिन तक उसकी गाडियां ट्रांसपोर्ट के पोर्ट पर लगी रही लेकिन माल नहीं मिला तो वापस पैसे मांगे। कोई परिणाम नहीं निकला तो मार्च 2023 में वह रमेश कुमार के दफ्तर पहुंचे। जिसने शाम तक 93 लाख रुपए रिफण्ड करने की बात कही। शाम को जब वह रमेश कुमार के पास पहुंचे तो वहां उनका बेटा शुभम मिला, जिसने बताया कि पिता के बाहर जाने से चेक पर साइन नहीं हो पाए। रिफंड राशि के चेक के लिए उन्हें दो दिन इंतजार करना होगा। दो दिन तक दोनों कारोबारियों के बीच बात होती रही। दो दिन बाद जब वह फिर से रमेश के आॅफिस पहुंचे तो उनके बेटे शुभम ने चेक देने की बजाय मेटेरियल की सप्लाई किए जाने की बात कही। ना तो आॅर्डर का सामान मिला और ना ही भेजी गई राशि लौटाई तब दिल्ली के कारोबारी अक्षय ने सवीना थाने में उदयपुर के कारोबारी रमेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। उसने बताया कि आरोपी रमेश कुमार उनसे 93 लाख 25 हजार 537 रुपए हड़प चुका है।
दिल्ली के कारोबारी के हड़प लिए 93 लाख, धोखाधड़ी का मामला दर्ज
