कार ने पांच युवकों को कुचला, एक की मौत : ग्रामीणों ने गाड़ी को लगा दी आग

– समझाइश करने गई पुलिस पर पथराव
फालना. सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे पांच लोगों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और चार घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया और कार को आग लगा दी। पुलिस के समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने और पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस ने भागकर अपनी जान बचाई। पथराव में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। वहीं शुक्रवार सुबह ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे गए। मांग नहीं मानने तक शव नहीं उठाने और आंदोलन करने की चेतावनी दी है। हादसा पाली के फालना थाना क्षेत्र के बेडल सड़क मार्ग पर गुरुवार शाम करीब साढ़े सात का है। फालना थाना प्रभारी महेंद्रसिंह खिंची ने बताया कि हादसे में बेडल के रहने वाले हीराराम पुत्र भीमाजी की मौत हो गई। घायलों को निजी हॉस्पिटल में इलाज के बाद जोधपुर रेफर किया गया। आज धरने पर बाली एडिशनल एसपी हर्ष रतनू,डिप्टी राजेश यादव, एसडीम भागीरथ राम चौधरी मौके पर पहुंचे हैं।थाना प्रभारी ने बताया कि फालना-बेडल रास्ते पर बेडल निवासी किसान कालूराम पुत्र खोगाजी चौधरी और हीराराम पुत्र भीमाजी अपनी-अपनी बाइक पर बैठे थे। दोनों फिरोजाबाद निवासी नरेश चंद पुत्र महाराज सिंह, चंद्रवीर सिंह पुत्र हरिसिंह और बांसवाड़ा निवासी देवीलाल पुत्र अमरसिंह से बात कर रहे थे। तीनों मजदूर बेडल के पास ही नहर की सफाई कर रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार ने पांचों को टक्कर मार दी।
ग्रामीणों का आरोप, नशे में था चालक
टक्कर के बाद दोनों बाइक कार के नीचे फंस गई। हादसे की सूचना पर बाली सीओ राजेश यादव, फालना थाना प्रभारी महेंद्रसिंह खिंची पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं ग्रामीणों ने ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद युवकों को कार के नीचे से निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाया। इसके बाद घटना स्थल पर जाम लगाकर हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस से कार चालक को पकड़ने की मांग की।
कार को लगा दी आग
ग्रामीणों का कहना था कि कार चालक पैरवा गांव निवासी प्रिंस था। जालोर में प्रिंस के पिता का महिंद्रा कार का शोरूम है। प्रिंस जालोर में रहता है, और किसी काम से अपने गांव शेरवा जा रहा था। आरोप है कि चालक शराब के नशे में था। पुलिस समझाइश के बाद भी ग्रामीण नहीं माने और रास्ता जाम कर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि युवक कार के नीचे फंस गए। ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी पर अड़ गए और रात 9.35 बजे कार को आग लगा दी।
पुलिस पर किया पथराव, पुलिसकर्मी घायल
पुलिस ने ग्रामीणों को रोकने की कोशिश की तो पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस की गाड़ी का कांच भी टूट गया, जिसमें चालक अल्ताफ को चोट आई। इसके बाद सुमेरपुर, बाली और सांडेराव से अतिरिक्त जाब्ता बुलाना पड़ा। इस दौरान एसडीएम भागीरथराम और एएसपी राजेश यादव मौके पर पहुंचे। रात 2 बजे जेसीबी की सहायता से कार को हटाया गया। रात 12 बजे एसपी डॉ. गगनदीप सिंघला भी मौके पर पहुंचे। रात 1.30 बजे उन्होंने परिजनों से मुलाकात की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!