आमजन तक डाकघर की सुविधाएं पहुंचाने के लिए 21 व 22 को लगेंगे शिविर

उदयपुर, 20 फरवरी। केन्द्र सरकार की ओर से नागरिकों तक डाकघर की सभी सुविधाओं को पहुंचाने के उद्देश्य से 21 व 22 फरवरी को वृहद मेले का आयोजन किया जाएगा।
उदयपुर मण्डल के प्रवर अधीक्षक अक्षय भानुदास गाडेकर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ स्थानो तक आर्थिक सुरक्षा व वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करवाना है। इस कैंप के अंतर्गत मानपुरा शाखा डाकघर, चंगेड़ी शाखा डाकघर, नांदेश्मा, बंबोरा, देवगढ़, छाणी गाँवगुड़ा, उपडाकघर, कांकरोली प्रधान डाकघर एवं उदयपुर प्रधान डाकघर मे कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मण्डल स्तर पर शास्त्री सर्कल उपडाकघर में 22 फरवरी को उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीणा के मुख्य आतिथ्य में कैंप का आयोजन होगा। कैंप मे  पोस्ट ऑफिस के सभी स्कीम टीडी, एसबी, आरडी, एमआईएस, वरिष्ठ नागरिक, टाटा जीएजी इन्श्योरेंस, आधार मे मोबाइल नंबर अपडेट करना, आईपीपीबी खाते खोलना आदि सुविधाए इन कैंप मे आम जनता के लिए उपलब्ध रहेंगी। आमजन कैंप मे किसी भी स्कीम मे खाता खोलने हेतु आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रति व दो पासपोर्ट साइज़ के फोटो लेकर उपस्थित हो सकते है।

संभाग स्तरीय अमृता हाट 25 फरवरी से
उदयपुर, 20 फरवरी। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु संभाग स्तरीय अमृता हाट का आयोजन आगामी 25 फरवरी से 2 मार्च तक राजकीय फतेह स्कूल सूरजपोल में होगा। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक संजय जोशी ने बताया कि इसमें महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा लगभग 120 स्टॉल लगाई जाएगी जो स्वयं द्वारा निर्मित उत्पादों का विक्रय करेगी।

जिला पर्यावरण समिति की बैठक आज
उदयपुर, 20 फरवरी। जिला पर्यावरण समिति की बैठक बुधवार 21 फरवरी को दोपहर 1.30 बजे जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी।
समिति के सदस्य सचिव एवं उप वनरक्षक अजय चित्तौड़ा ने बताया कि बैठक में उदयपुर को वेटलेण्ड सिटी बनाने के प्रस्ताव व नोटिफिकेशन, सिंगल यूज प्लास्टिक आइटम, पर्यावरण व पौधारोपण संरक्षण के बारे में जनजागृति, मार्बल स्लरी निस्तारण, उद्योग इकाई द्वारा प्रदूषण फैलाने की रोकथाम, पॉलीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध, जिले के बड़े चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था व बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण, पहाड़ियों की खुदाई व कटान, अवैध बजरी खनन व जल प्रदूषण रोकने आदि विषयों पर चर्चा की जाएगी।

विद्युत संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए खण्ड स्तरीय जनसुनवाई आज
उदयपुर, 20 फरवरी। अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं की बिजली संबंधित समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु उदयपुर वृत्त में बोहरा गणेशजी स्थित खण्ड कार्यालय में खण्ड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन 21 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। इस जनसुनवाई में सहायक अभियता (पवस) सविना, अशोकनगर, मादड़ी एवं सेक्टर-4 से संबंधित समस्त विद्युत उपभोक्ता, उपभोक्ता संगठन, किसान संगठन, स्वयंसेवी संगठन एवं आमजन सुझाव देने एवं विद्युत संबंधित समस्त शिकायतों के समाधान के लिए निश्चित समय पर उपस्थित होकर लाभान्वित हो सकते है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!