कलक्टर ने ली सिंधी समाज के प्रतिनिधियों एवं नगर निगम अधिकारियों की बैठक
उदयपुर, 12 जनवरी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू कराने को लेकर जिला प्रशासन कटिबद्ध है। जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल पहल पर फतहपुरा चौराहा, आयड़ पुलिया के समीप, शिल्पग्राम मार्ग आदि स्थलों पर यातायात की सुगम व्यवस्था के बाद अब जिला प्रशासन शक्तिनगर बोटलनेट को हटाकर मार्ग चौड़ा कराने के लिए प्रयासरत है। इसे लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री पोसवाल ने नगर निगम के अधिकारियों तथा सिंधी समाज के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक कलक्ट्रेट मिनी सभागार में ली। बैठक में टाउनहॉल से शक्तिनगर सड़क को 40 फीट चौड़ा करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सड़क चौड़ी करने के लिए अपेक्षित जमीन को लेकर दो-तीन विकल्पों पर विचार-विमर्श किया गया। सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपना पक्ष रखा। जिला कलक्टर ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। साथ ही नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश एवं अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जिसमें लोगों को कम परेशानी हो और सड़क बनने से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन पर असंगठित श्रमिकों का 2 लाख का बीमा
उदयपुर, 12 जनवरी। भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय की ओर से असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए राष्ट्रीय डाटाबेस तैयार करने के उद्देश्य से शुरू किये गये ई-श्रम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त संकेत मोदी ने बताया कि असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिक यथा निर्माण श्रमिक, स्ट्रीट वेंडर, रिक्शा व ऑटो चालक, घरेलू श्रमिक, कुली, मिड-डे-मील श्रमिक, नरेगा श्रमिक, छोटे किसान, कृषि क्षेत्र में लगे मजदूर, पशुपालक, मोची, ईट भट्टों पर काम करने वाले, रेहडी-थडी वाले, न्यूज पेपर वेंडर, कारपेंटर, प्लम्बर, नाई, चाय विक्रेता, ऑनलाइन कॉरियर सेवा से जुडे श्रमिक व ऐसे श्रमिक जो खुली दिहाड़ी करते है, लाभान्वित होंगे। इसी प्रकार स्वयं का व्यवसाय करने वाले श्रमिक जिनकी आयु 16-59 वर्ष हैं, ई.एस.आई./ई.पी.एफ./एन.पी.एस. योजना के सदस्य नही हैं तथा आयकर दाता नहीं हैं, ई-श्रम पोर्टल पर अपना पंजीयन करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पात्रता रखने वाले असंगठित श्रमिक आवश्यक दस्तावेज यथा आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति एवं अपना मोबाइल साथ लेकर किसी भी सी.एस.सी. अथवा ई-मित्र केन्द्र पर जाकर अपना पंजीयन निःशुल्क करवा सकते हैं। पंजीयन की प्रक्रिया अत्यन्त ही आसान हैं तथा सभी सूचनाएँ पूर्ण रूप से सही भरने पर श्रमिक का पहचान पत्र (ई-श्रम कार्ड) तत्काल बनकर उसे प्रदान कर दिया जाएगा, जिस पर 12 अंको की पहचान संख्या अंकित होगी, जिससे श्रमिक की पहचान होगी तथा इसी कार्ड से श्रमिक को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त श्रमिक स्वयं भी ऑनलाइन रजिस्टर ईश्रम डॉट जीओवी डॉट इन ंपर जाकर पंजीयन कर सकता हैं। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन होने के बाद श्रमिक को 2 लाख रूपए के निःशुल्क बीमा की सुविधा प्रदान होगी। पंजीकृत श्रमिक की दुर्घटना में मृत्यु और पूर्ण दिव्यागंता के लिए 2 लाख रूपए और आंशिक दिव्यागंता के लिए 1 लाख रूपए सहायता राशि देय होगी। इसके माध्यम से श्रमिकों को सरकार की अन्य लाभकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त हो सकेगा।
योजनाओं की दी जानकारी, दिया लाभ
अंबामाता क्षेत्र में डाक शिविर
उदयपुर, 12 जनवरी। प्रधान डाक घर उदयपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को शहर के अंबा माता क्षेत्र में डाक समुदाय विकास कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष केम्प का आयोजन किया गया। इसमें पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आधार कार्ड बनाना, आधार कार्ड में मोबाईल नंबर जोड़ना, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के खाते खोलना, दुर्घटना बीमा/वाहन बीमा, पोस्ट ऑफिस के सुकन्या, महिला सम्मान के खाते, डाक जीवन बीमा/ग्रामीण डाक जीवन बीमा तथा डाकघर के नए उत्पादों की जानकारी दी गई। शिविर में सभी प्रकार के खाते खोले गए एवं आधार कार्ड के सेवाएं दी गई। आमजन की सुविधा के लिए शिविर शनिवार को भी जारी रहेगा।
सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट लगाना अनिवार्य
उदयपुर, 12 जनवरी। एक अप्रेल 2019 से पहले खरीदे गए समस्त प्रकार के वाहनों में अब हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट लगाना अनिवार्य हो गया है।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी पी एल बामनिया ने बताया कि वाहन स्वामी पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट लगवाने के लिए एसआईएएम के पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि अप्रेल 2019 से पहले उपलब्ध नम्बर प्लेटों के साथ आसानी से छेड़छाड़ की जा सकती थी या उन्हें आसानी से हटाया जा सकता था। ऐसे में पुलिस एवं परिवहन अधिकारियों को किसी अपराध में संलिप्त वाहनों को ट्रेक करना असंभव हो जाता था। अब हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट लग जाने से वाहनों की चोरी एवं अन्य अपराधों में कमी आएगी क्योंकि ये केवल एक बार ही प्रयोग की जा सकती है और वाहन में लगने के बाद खुलती नहीं है, बल्कि इनके हिंज को काटना पड़ता है। उन्होंने बताया कि वाहन मालिक एसआईएएम पोर्टल पर वाहन का रजिस्ट्रेषन नम्बर, इंजन नम्बर, चैसिस नम्बर डाल कर प्लेट लगवाने के लिए डीलर और डेट बुक कर सकेंगे। ऑनलाईन फीस जमा कर बुकिंग कन्फर्म हो जाएगी तथा वाहन स्वामी निर्धारित तिथि पर डीलर के कार्यालय में जाकर नम्बर प्लेट लगवा सकेंगे। इसके लिए परिवहन विभाग ने दरें निर्धारित की है। डीलर्स को इन दरों के आधार पर ही नम्बर प्लेट लगानी होगी। निर्धारित दर से अधिक राषि वसूल करने पर डीलर के विरुद्ध कार्यवाही की जावेगी। हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट लगाने के लिए विभाग ने समय सीमा निर्धारित कर दी है। विभागीय परिपत्र के अनुसार ऐसे वाहन जिनके पंजीयन क्रमांक का अंतिम अंक 1 या 2 है वे 29 फरवरी तक, जिनके पंजीयन क्रमांक का अंतिम अंक 3 या 4 है वे 31 मार्च तक, जिनके पंजीयन क्रमांक का अंतिम अंक 5 या 6 है वे 30 अप्रेल तक, जिनके पंजीयन क्रमांक का अंतिम अंक 7 या 8 है वे 31 मई तक एवं जिनके पंजीयन क्रमांक का अंतिम अंक 9 या 0 है वे 30 जून 2024 तक हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट लगवा सकेंगे। इस अवधि के बाद जिन वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट नहीं लगी पाई गई उनके विरूद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय कार्यवाही की जावेगी।
जिले में दो स्थानीय अवकाश घोषित
उदयपुर, 12 जनवरी। जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने एक आदेश जारी कर जिले में दो स्थानीय अवकाश घोषित किए है। कलक्टर ने स्थानीय त्यौहार/मेले के दौरान स्थानीय अवकाश रखने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत 18 जून को निर्जला एकादशी और 17 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर उदयपुर जिले में अवकाश रहेगा।
स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में बैठक आज
उदयपुर, 12 जनवरी। जिले में स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में राज्य सरकार की ओर से नियुक्त स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के समन्वयक के.के.गुप्ता की उपस्थिति एवं संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट की अध्यक्षता में 13 जनवरी की सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित होगी। यह जानकारी जिला परिषद सीईओ श्रीमती कीर्ति राठौड़ ने दी। पूर्व में यह बैठक 12 जनवरी को आयोजित होनी थी।
निःशुल्क पंचकर्म शिविर का समापन
वर्षो पुराने दर्द से राहत मिलने पर खिले चेहरे
उदयपुर 12 जनवरी। राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय सिन्धी बाजार उदयपुर में जारी निःशुल्क पंचकर्म शिविर का समापन शुक्रवार को हुआ। औषधालय प्रभारी एवं वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी वैद्य शोभालाल औदिच्य ने बताया की शीत ऋतू में ठण्ड की वजह से, अत्यधिक खडे रहने एवं अधिक वजन की वजह से लोगो के जोड़ों के दर्द की समस्या बहुत बढ़ रही है और पंचकर्म जैसी निरापद एवं प्राचीन चिकित्सा पद्धति से स्थाई मुक्ति मिल सकती है। शिविर में पंचकर्म विधाओं से किये गये उपचार से कई रोगियों को वर्षो पुराने दर्द से राहत मिली। शिविर में स्थानीय रोगियों सहित गुजरात व अन्य राल्यों से आए रोगियों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। वैद्य शोभालाल औदीच्य के नेतृत्व में शिविर में 450 के लगभग पंचकर्म की क्रियाओ से रोगियों को लाभान्वित किया गया। डॉ. औदिच्य ने बताया कि अगला पांच दिवसीय निशुल्क पंचकर्म चिकित्सा शिविर फरवरी माह में आयोजित होगा जिसका पंजीयन औषधालय समय में किया जायेगा।
चिकित्सा शिविर में वैद्य शैलेन्द्र शर्मा, वैद्य मिथिलेश शाक्यवाल, वैद्य संजय सोनी, वैद्य अंकिता सियाल, वैद्य पंकज तंवर, वैद्य नितिन सेजू, डॉ आकाश जैन, कम्पाउण्डर शंकरलाल खराडी, नर्स इंदिरा डामोर कंचन कुमार डामोर, चंद्रेश परमार, नर्स वंदना शक्तावत, कम्पाउण्डर कन्हैया लाल नागदा परिचारक गजेन्द्र कुमार आमेटा, लालुराम गमेती, निर्भयसिंह भाटी ने सेवाएं दी।
जीपीए के प्रपोजल फॉर्म 31 जनवरी तक अपडेट करें
उदयपुर 12 जनवरी। राज्य सरकार के आदेशानुसार कार्मिकों के जीपीए के प्रपोजल फॉर्म 31 जनवरी तक अपडेट करने होंगे। विभाग की संयुक्त निदेशक श्वेता तिवारी ने बताया कि राज्य कार्मिकों द्वारा वर्ष 2023-24 के सामूहिक व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा (जीपीए) के प्रपोजल फॉर्म, प्रस्ताव पत्र, मनोनयन, दावा प्रस्तुतिकरण, प्रीमियम सत्यापन, दावा निस्तारण आदि की सम्पूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन एवं पेपरलेस पैटर्न होने से समस्त राज्यकर्मी व पुलिसकर्मी को स्वयं का एवं नॉमिनी का विवरण मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना पोर्टल पर दिनांक 31.01.2024 तक आवश्यक रूप से अपडेट कर लेवे ।
साधारण सभा की बैठक स्थगित
उदयपुर, 12 जनवरी। जिला परिषद उदयपुर की 16 जनवरी को आयोजित होने वाली साधारण सभा की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी जिला परिषद की सीईओ कीर्ति राठौड़ ने दी।
