बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष जोशी की पायलट को नसीहत:सरकार के भगवा झंडा लगाने पर प्रतिबंध और बजरी-खनन माफिया के खिलाफ भी करें अनशन

उदयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस नेता सचिन पायलट को नसीहत देते हुए कहा कि पायलट अपनी सरकार के उन फैसलों के लिए भी अनशन करें, जिसमें महाराणा प्रताप की धरती उदयपुर में भगवा झंडा लगाए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया। पायलट को राजस्थान सरकार के कार्यकाल में पनप रहे बजरी व खनन माफिया और गुंडागर्दी के खिलाफ भी अनशन करना चाहिए। जोशी पहली बार प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद उदयपुर आए और डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस बीच मीडिया से हुई बातचीत में उन्होंने गहलोत सरकार को आड़े लेेते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभु श्रीराम के नारे लगाने वालों की आवाज दबाने में लगी है। उन्होंने सचिन पायलट के अपनी सरकार के खिलाफ किए जाने वाले अनशन के सवाल पर पायलट को नसीहत देते हुए कहा कि पायलट सरकार की विफलताओं के लिए अनशन क्यों नहीं करते, वीर प्रसूता भूमि पर भगवा झंडा लगाए जाने पर रोक लगा दी। अपराधियों के हौंसले बुलंद है। बजरी माफिया सक्रिय है। इन मुद्दों पर भी पायलट को अनशन करना चाहिए।
बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या के लिए पुलिस जिम्मेदार
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने मावली के लोपड़ा गांव में आठ साल की मासूम के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या की घटना को लेकर कहा कि इसके लिए पुलिस जिम्मेदार है। मामला दर्ज कराए जाने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हालात ऐसे हो गए है कि हर रोज किसी ना किसी बच्ची से दुष्कर्म हो रहा है। बालोतरा में भी एक महिला को एसिड से जला दिया गया, वहां बर्न यूनिट नहीं होने के बावजूद उसे रैफर नहीं किया गया और उसकी मौत हो जाती है। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है।
जिला मुख्यालयों पर भाजपा की जनआक्रोश सभाएं
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जोशी बोले, पहले हमने पंचायत व विधानसभा वार जनआक्रोश सभाएं व रैली की। अब हर जिला मुख्यालय पर जनआक्रोश सभाएं की जा रही है। जिनमें राजस्थान सरकार की वादाखिलाफी, तुष्टकीरण और किसानों के साथ किए छलावे की बात हम उठा रहे हैं। सरकार जिन वादों की बदौलत सत्ता में आई थी। वे काम ये भूल गए हैं।
एयरपोर्ट में प्रवेश को लेकर विधायक—सांसद में बहस
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के स्वागत को लेकर एयरपोर्ट में प्रवेश को लेकर उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा और सांसद अर्जुन मीणा के बीच बहस हो गई। सूची में शामिल पांच कार्यकर्ताओं के नाम एयरपोर्ट में प्रवेश वाली लिस्ट से काटे जाने से विधायक फूलसिंह मीणा विफर गए और उन्होंने सांसद मीणा से कहा कि भले उन्हें एयरपोर्ट में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए लेकिन सक्रिय कार्यकर्ताओं का नाम नहीं काटा जाना चाहिए। काफी वाद—विवाद के बाद पांचों कार्यकर्ताओं को भी एयरपोर्ट में प्रवेश मिला।
जिला प्रमुख को नहीं मिली एयरपोर्ट में घुसने की अनुमति
जिला कलक्टर की ओर से जारी सूची में जिला प्रमुख ममता कुंवर का भी नाम था लेकिन बाद में उनका नाम भी सूची से काट दिया गया। एयरपोर्ट पहुंची जिला प्रमुख को सुरक्षा बलों ने अंदर घुसने से रोक दिया।
एयरपोर्ट का पार्क उजड़ा
सीपी जोशी के स्वागत के लिए भारी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं का हुजूम पहुंचा। भारी भीड़ एयरपोर्ट के पार्क में थी, जिसके चलते पार्क में लगे सारे पेड़ उखड़। जोशी के राजसमंद जाने के बाद पार्क उजाड़ की तरह दिखने लगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!