चित्तौड़गढ़ से आक्या पहले ही भेज चुके हैं इस्तीफा
जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सवाईमाधोपुर विधानसभा सीट से भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रही आशा मीणा के खिलाफ कार्रवाई की है। भाजपा ने आशा मीणा की प्राथमिक सदस्यता को रद्द कर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा की प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने नोटिस जारी कर यह सूचना सार्वजनिक की है। पार्टी ने भाजपा के सवाई माधोपुर के अधिकृत घोषित उम्मीदवार किरोड़ी लाल मीणा के खिलाफ चुनाव लड़ने के चलते उन्हें अनुशासनन भंग करने का दोषी माना है। सवाई माधोपुर में भाजपा के डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, कांग्रेस के दानिश अबरार और निर्दलीय आशा मीणा के बीच मुकाबला है। बीजेपी ने गंगापुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे छोटे लाल सैनी के खिलाफ भी कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें अनुशासन भंग करने का दोषी मानकर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता के तुरंत प्रभाव से निष्काषित किया है। गंगापुर में भाजपा से मानसिंह गुर्जर और कांग्रेस से रामकेश मीणा चुनाव मैदान में है। छोटे लाल सैनी ने बतौर निर्दलीय चुनाव में ताल ठोकी है। सवाईमाधोपुर जिले की चारों विधानसभा सवाईमाधोपुर, खण्डार, गंगापुरसिटी एवं बामनवास में नामांकन वापसी के बाद अब चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। सवाईमाधोपुर और गंगापुर विधानसभा में चुनाव की तस्वीर अभी त्रिकोणीय मुकाबले में फंसी नजर आ रही है। वहीं बामनवास और खंडार में सीधा मुकाबला है।
सवाईमाधोपुर जिले की चार सीटों पर 48 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। सवाईमाधोपुर विधानसभा क्षेत्र से 16 प्रत्याशी मैदान में थे। 9 नवंबर को सवाईमाधोपुर से तीन प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया। इनमें कांग्रेस से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरे लईक अहमद के अलावा कमल किशोर सैनी और प्रेम देवी हैं। अब यहां 13 प्रत्याशी रह गए हैं। वहीं भाजपा से बागी होकर निर्दलीय नामांकन पत्र दाखिल करने वाली आशा मीणा अभी भी चुनाव मैदान में है। इसलिए सवाईमाधोपुर विधानसभा क्षेत्र पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
