उदयपुर, 8 फरवरी। विवेक बस्ती सेक्टर 3 में विराट हिन्दू सम्मेलन श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक समरसता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन के अंतर्गत भव्य कलश यात्रा सेक्टर 3 स्थित मंशा पूर्ण महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर बस्ती के प्रमुख मार्गों से होती हुई धर्मसभा स्थल विवेक पार्क पहुँची।
धर्मसभा का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं भारत माता की आरती के साथ किया गया। संत सानिध्य के रूप में प्रसिद्ध कथावाचक श्री पुष्कर दास जी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त हुआ। जिसमें उन्होंने हिन्दू समाज को संगठित रखने, सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने, युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर बल दिया।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर कार्यवाह विष्णु शंकर नागदा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है। विराट हिन्दू सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हिन्दू समाज को एक सूत्र में पिरोने का अभियान है। इसका उद्देश्य समाज में आत्मगौरव, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है।
जब समाज संगठित और जागरूक रहेगा, तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया तथा पंच परिवर्तन के महत्व को बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी गजेन्द्र सुथार ने की, सम्मेलन की संयोजक शिक्षाविद एवं समाजसेविका पुष्पा सोमानी ने सभी का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। मंच संचालन छवि जी भदादा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं वन्देमातरम गान के साथ हुआ एवं इसके पश्चात पंगत पर भोजन प्रसाद का वितरण हुआ।
