उदयपुर, 6 फरवरी। ढीकली मंडल के तीनों गांवों — रेबारियों का गुड़ा, ढीकली एवं वाड़ा — का संयुक्त विराट हिन्दू सम्मेलन ढीकली स्थित हरिप्रिया रिसोर्ट में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में संतों के सानिध्य में सामाजिक समरसता, संस्कार, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय संत महंत भुवनेश्वरी पुरी जी (सैगरा धुणी), संत श्री श्री गुलाब दास जी महाराज (माकड़ा देव धाम, झाडोल) एवं श्री श्री ब्रह्मानंद जी महाराज (अखंड आश्रम, खेड़ा बगडुंडा, गोगुंदा) का आशीर्वचन प्राप्त हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय सह महाविद्यालय विद्यार्थी कार्य प्रमुख आनंद प्रताप उपस्थित रहे।
संत एवं वक्ताओं ने हिन्दू समाज को समरसता के साथ संगठित होकर समाज कल्याण से विश्व कल्याण की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही प्रकृति पूजक हिन्दू समाज को आगे आकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने एवं प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
सम्मेलन के अंतर्गत 501 कलशों की भव्य यात्रा का आयोजन किया गया, जो दो विभिन्न स्थानों से प्रारंभ होकर हरिप्रिया रिसोर्ट परिसर में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का समापन महाभोज के साथ हुआ, जिसमें आयोजन को पूर्णतः प्लास्टिक-मुक्त रखा गया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, मातृशक्ति, युवा एवं वरिष्ठजनों की सहभागिता रही।
