पॉश कॉलोनी में आदिवासी क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं को पढ़ाई जा रही बाइबल

धर्म परिवर्तन का आरोप के बाद हंगामा, पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
उदयपुर। शहर की पॉश कॉलोनी न्यू भूपालपुरा क्षेत्र के पन्ना विहार स्थित एक मकान में आदिवासी क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों को लाकर ईसाई धर्म की शिक्षा दिए जाने की सूचना के बाद हंगामा मच गया। क्षेत्र के लोगों ने शिक्षण संस्था की आड़ में धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगाया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मौके पर बाइबल तथा ईसाई धर्म के प्रचार—प्रसार का साहित्य बरामद हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि पन्ना विहार स्थित एक मकान को डेविड नामक व्यक्ति ने एजुकेशन ट्रस्ट संचालित करने को किराए से ले रखा है। जहां आदिवासी क्षेत्र के बच्चे तथा महिलाओं को लाया जाता था। शनिवार तथा रविवार को ही शिक्षा दिए जाने को लेकर क्षेत्र की महिलाओं को शंका हुई। उस मकान के अंदर जाकर देखा तो वहां मौजूद लोग आदिवासी क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों को ईसाई बनाने के लिए शिक्षित कर रहे थे। जब इस संबंध में पूछताछ की तो वहां मौजूद लोगों ने उन महिलाओं के साथ हाथापाई कर दी, तब उन्होंने पुलिस एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को बुला लिया। क्षेत्रीय पार्षद राकेश जैन, पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता नानालाल बया सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस भी मौके पर आ गई। तब तक वहां काम कर रहे आधे से अधिक लोग निकल गए। पुलिस ने मौके पर से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और भारी मात्रा में ईसाई धर्म से जुड़ा साहित्य बरामद किया।
थानाधिकारी हिमान्शु सिंह राजावत का कहना है कि धर्म परिवर्तन कराए जाने की शिकायत मिली थी, जो अभी जांच का विषय है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!