उदयपुर। राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, सेक्टर-06 विजय सिंह पथिक नगर, सवीना उदयपुर में दिनांक 2 अप्रैल 2026 को भामाशाह सम्मान समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं (भामाशाहों) का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना था।
समारोह के मुख्य अतिथि गॉड ग्रेस डेंटल क्लीनिक की संचालिका डॉ. अनिता मौर्या, जैन अखिल रक्षक महावीर युवक संस्थान (राष्ट्रीय) के अध्यक्ष विनोद कुमार संचेती, रोटेरियन अशोक वीरवाल तथा IIFL के विक्रम जी थे।
स्थानीय विद्यालय की बालिकाओं को धूप से बचने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करने के उद्देश्य से डॉक्टर अनिता मौर्या व संचेती परिवार के तत्वाधान मे बच्चों के लिए टीन शेड का निर्माण किया गया एवं आईआईएफएल फाउंडेशन द्वारा टेबल वह कुर्सियां प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत ऊषा चंडालिया एवं समाजसेविका अनिता वीरवाल द्वारा सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य चेतराम मीणा ने सभी अतिथियों का मेवाड़ की परंपरा के अनुसार पगड़ी और उपरना पहनाकर भव्य स्वागत किया तथा विद्यालय के विकास में भामाशाहों द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के दानदाताओं के सहयोग से ही विद्यालय में विभिन्न विकास कार्य संभव हो पाते हैं। उनके इस सहयोग से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं प्राप्त होती हैं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है।
विद्यालय परिवार द्वारा उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है।
समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत नृत्य एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण तालियों की गूंज से गूंज उठा।
इस मौके पर रोटरी उदय के अध्यक्ष राघव भटनागर, साक्षी डोडेजा, जितेंद्र शास्त्री, दिनेश शर्मा, नर्मदा मीणा व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सुनीता गुर्जर व विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों, भामाशाहों तथा उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। समारोह ने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और समाज सेवा की भावना को ओर अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।
भामाशाह सम्मान समारोह
