भजनलाल शर्मा 15 को मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ

जयपुर में अल्बर्ट हॉल पर होगा समारोह; मोदी, शाह और नड्‌डा भी आएंगे
जयपुर। मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलने के लिए प्रदेश के कोने-कोने से भाजपा कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। प्रदेश कार्यालय में मीटिंग से पहले उनका स्वागत किया गया। भजनलाल शर्मा 14वें मुख्यमंत्री के तौर पर 15 दिसंबर को शपथ लेंगे। इसके लिए आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीटिंग हुई। इसमें मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलावा प्रदेश भाजपा के बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11:15 बजे अल्बर्ट हॉल के बाहर होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा जा रहा है। इसी दिन दोनों उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे।
इससे पहले आज सुबह भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में सांगा बाबा मंदिर के दर्शन किए। यहां से वे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया। वहीं, मनोनीत डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने दिन की शुरुआत जयपुर के आराध्य गोविंददेव के यहां धोक लगाकर की। उन्होंने जयपुर के कई प्रसिद्ध मंदिरों में पूजा-अर्चना भी की।
अल्बर्ट हॉल पर 15 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। अल्बर्ट हॉल के सामने मुख्य मंच बनाया जा रहा है। वहीं, दोनों तरफ दो अन्य मंच बनाए जा रहे हैं। जहां विशेष आमंत्रित सदस्यों और नव निर्वाचित विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगी।
अल्बर्ट हॉल पर 15 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। अल्बर्ट हॉल के सामने मुख्य मंच बनाया जा रहा है। वहीं, दोनों तरफ दो अन्य मंच बनाए जा रहे हैं। जहां विशेष आमंत्रित सदस्यों और नव निर्वाचित विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगी।
आज सुबह मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल को परिवार सहित जयपुर में चंबल पावर के गेस्ट हाउस में शिफ्ट किया गया। अब नई सरकार के स्वरूप पर चर्चाएं चल रही हैं। वहीं, विधायकों ने मंत्री बनने के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल का शुरुआती स्वरूप कैसा होगा, इसको लेकर अलग-अलग कयास हैं।
राजस्थान में महिला अपराध बहुत बड़ा मुद्दा
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा- राजस्थान में महिला अपराध बहुत बड़ा मुद्दा रहा है। प्रदेश में जहां भी ऐसी घटना हुई है, वहां भाजपा की टीम पहुंची है। पीड़ित या पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए भाजपा की टीम ने पूरा प्रयास किया है। कांग्रेस की सरकार गहरी नींद में सो रही थी। भाजपा के संकल्प पत्र में भी यह स्पष्ट है कि महिला अपराध बिल्कुल भी सहा नहीं जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीटिंग हुई। यहां समारोह को लेकर अलग-अलग नेताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं। अल्बर्ट हॉल के बाहर होने वाले समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।
हाईकमान ने तय किया था नाम
सांगानेर से विधायक भजनलाल शर्मा को मंगलवार को विधायक दल का नेता चुना गया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें भाजपा हाईकमान द्वारा तय शर्मा के नाम का ऐलान किया गया।
नए मुख्यमंत्री के लिए भजनलाल के नाम का प्रस्ताव वसुंधरा राजे ने रखा और सभी ने उनके नाम पर सहमति जताई। दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा उप मुख्यमंत्री होंगे। वहीं, अजमेर उत्तर से विधायक वासुदेव देवनानी विधानसभा स्पीकर होंगे। भाजपा ने तीनों बड़े पद जयपुर को ही दिए हैं। भजनलाल जयपुर की सांगानेर सीट से विधायक हैं, वहीं दीया कुमारी जयपुर की विद्याधर नगर सीट से जीती हैं जबकि बैरवा जयपुर जिले की दूदू सीट से विधायक हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!