उदयपुर। शहर में अब रात में घूमने जाएं तो संभलकर। आपका सामना तेंदुए से हो सकता है। बीती रात फतहसागर किनारे रानी रोड पर तेंदुआ देखा गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसकी वीडियो भी बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया। लोगों का कहना है कि फतहसागर की रानी रोड का पहाड़ी इलाका तेंदुए का घर रहा है, जहां तेंदुए का आना असामान्य नहीं। संभव है कि पानी पीने के लिए तेंदुआ फतहसागर आया हो। रानी रोड का यह इलाका वन विभाग के अलावा फार्म हाउस और होटल या रेस्टोरेंट का है, जहां देर रात तक लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं। लोगों ने कहा कि कार या अन्य चौपहिया वाहन चालकों को तेंदुए का सामना होने से खतरा नहीं, लेकिन दुपहिया वाहन चालकों को खतरा हो सकता है। कुछ लोगों ने इस मामले में वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है।
पिछले महीने एक खाली मकान में जा घुसा था तेंदुआ
पिछले महीने फतहसागर की पाल के पास देवाली बस्ती स्थित एक खाली मकान में तेंदुआ घुस गया था। तब लोगों की नजर उस पर पड़ी और वन विभाग की टीम को बुलाया गया। जिसके बाद वह देवाली की पहाड़ी पर भागकर गुम हो गया। लोगों ने कहा कि नीमज माता मंदिर वाली पहाड़ी पर तेंदुए हैं। जिन्हें रात को कभी—कभार प्रताप गौरव केन्द्र पर लगी महाराणा प्रताप की प्रतिमा के आसपास देखा गया। जिसकी पुष्टी केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने भी की है।
मार्बल वैली के पास भी घूम रहा है तेंदुआ
शहर के गोवर्धनविलास सागर के पास मार्बल वैली पर भी तेंदुआ पिछले 15 दिन से देखा जा रहा है। क्षेत्र के हितेश व्यास का कहना है कि घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ कैद हुआ है। वन विभाग से पिछले दो सप्ताह से पिंजरा लगाए जाने की मांग की जा रही थी। हालांकि सोमवार को वन विभाग ने एक पिंजरा लगाया है। तेंदुए की दस्तक के चलते क्षेत्र के लोग अंधेरा होने के बाद घर से बाहर नहीं निकलते। लोगों ने बताया कि कॉलोनी में रोड लाइट नहीं होने से लोगों में भय का माहौल है।
रात में संभलकर घूमने जाएं, हो सकता है तेंदुए से सामना
